लखनऊ में 10वीं मंजिल से गिरकर रिटायर एडीजे की बेटी की मौत, जज बोले-दामाद ने की हत्या

Spread the love

लखनऊ के वृंदावन कॉलोनी अरावली अपार्टमेंट की दसवीं मंजिल से रिटायर एडीजे एसपी तिवारी की बेटी प्रीती द्विवेदी (40) की गिर कर मौत हो गई. नाती ने एक सिक्योरिटी गार्ड की मदद से नाना को फोन कर सूचना दी. एसपी तिवारी पत्नी के साथ अरावली अपार्टमेंट पहुंचे। जहां बेटी का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा मिला. रिटायर जज ने पीएनबी में लॉ ऑफिसर दामाद पर दसवीं मंजिल से फेंक कर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है. वहीं, पति ने पुलिस को बताया कि प्रीती ने मानसिक बीमार के चलते आत्महत्या की है.

शाम को नाती ने मिलाया फोन…

गोमतीनगर विशेषखंड निवासी एसपी तिवारी वर्ष 2011 में एडीजे के पद से रिटायर हुए हैं. उनकी बेटी प्रीती की शादी अरावली अपार्टमेंट फ्लैट नम्बर-बी11/404 निवासी रवींद्र कुमार द्विवेदी से हुई थी। रवींद्र पीएनबी में लॉ ऑफिसर है. एसपी तिवारी ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5.40 नाती विश्वम (11) ने एक सिक्योरिटी गार्ड की मदद से फोन किया था. विश्वम ने बताया कि मम्मी की मौत हो गई है. नाती के शब्द सुनते ही एसपी तिवारी घबरा गए. पत्नी के साथ वह अरावली अपार्टमेंट पहुंचे. जहां प्रीती का शव फर्श पर पड़ा मिला. वह खून से लथपथ थी। वहीं, दामाद रवींद्र कुमार अपार्टमेंट परिसर में ही घूम रहा था. एसपी तिवारी का आरोप है कि दामाद ने देखते ही गाली गलौज शुरू कर दी.

80 लाख का लोन चुकाना है, रुपये लेकर आओ

एसपी तिवारी के मुताबिक मंगलवार को बेटी प्रीती ने कॉल की थी. वह घबराई हुई थी। पूछने पर कहा कि रवींद्र ने फ्लैट के लिए 80 लाख का लोन ले रखा है जिसे अदा करने के लिए रुपये मांग रहे हैं. कह रहे हैं कि गोमतीनगर वाला मकान बेच दो. पापा हमें बचा लो प्लाट बेच कर रुपये दे दो. बेटी की कॉल आने पर मंगलवार को एसपी तिवारी अरावली अपार्टमेंट पहुंचे थे. आरोप है कि रविंद्र ने ससुर को गाली देते हुए घर में घुसने नहीं दिया था.

पीटने के बाद फ्लैट से फेंक दिया

बेटी कई दिनों से परेशान थी। रवींद्र अक्सर मारपीट करता था. बुधवार को भी आरोपी ने पिटाई करने के बाद प्रीती को दसवीं मंजिल फ्लैट से उसे नीचे फेंक दिया. रिटायर एडीजे एसपी तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में यह बात लिखी है. उन्होंने दामाद पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.

सिजोफ्रेनिया से थी परेशान, कर ली आत्महत्या

पति रवींद्र ने पुलिस को बताया कि प्रीती सिजोफ्रेनिया (मानसिक बीमारी) से परेशान थी जिसका इलाज भी हो रहा था. हालत में सुधार नहीं हुआ. बुधवार को प्रीती ने दसवीं मंजिल से कूद कर खुदकुशी कर ली.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई इंस्पेक्टर पीजीआई रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि प्रीती का शव ग्राउंड फ्लोर पर पड़ा मिला है. शुरुआती जांच में पता चला कि वह दसवीं मंजिल से गिरी थी. प्रीती के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है. उधर, पति रवींद्र ने आत्महत्या करने की बात कही है. ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम है. जिसके आधार पर जांच की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *