UP के हरदोई में रक्षाबंधन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई जब परिजनों को सूचना मिली कि मामा-भांजे समेत परिवार के तीन लोगों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है.
हरदोई जनपद के बिलग्राम में हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. थाना बिलग्राम क्षेत्र के ललौली तिराहा के पास शुक्रवार शाम करीब चार बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में मामा-भांजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया.
मृतकों की पहचान गौरव सिंह (37) पुत्र अमर सिंह निवासी पुसेड़ा थाना बिलग्राम, उनके चार वर्षीय भांजे सूर्यांश पुत्र दुष्यंत निवासी पुसेड़ा और दूसरी बाइक सवार मोनू (18) पुत्र गुड्डू निवासी हमदापुर थाना बिलग्राम के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक, मोनू रिश्तेदारी से होकर बाइक से अपने गांव हमदापुर लौट रहा था. इसी दौरान ललौली तिराहा के पास उसकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी. दूसरी बाइक पर गौरव सिंह अपने चार वर्षीय भांजे सूर्यांश के साथ सवार थे. दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. रक्षाबंधन के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई. पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मासूम समेत तीन लोगों की मौत हुई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply