झांसी के 3 मंजिला बड़े बाजार में आधी रात में दुकानों में आग का तांडव, लाखों का सामान हुआ स्वाहा

Spread the love

झांसी के घनी बस्ती इलाके बड़े बाजार में बुधवार आधी रात के बाद एक दुकान में आग लग गयी. इस आग ने विकराल रूप धारण करते हुए जल्द ही आस पास की चार से पांच दुकानों को अपनी जद में ले लिया. इस कारण लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया.

घटना कोतवाली क्षेत्र के बड़ा बाजार इलाके की है जहां एक किराने की दुकान में आधी रात के बाद आग की लपटें निकलती दिखायी दीं. यह दुकान संजय सरावगी की है. आसपास के लोगों ने श्री सरावगी को इसकी जानकारी दी और तुरंत ही पुलिस और दमकलकर्मियों को भी आग की सूचना दी गयी. घनी बस्ती वाले इस इलाके में आग की सूचना पर दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया और आनन फानन में दमकल की कई गाडियां मौके पर पहुंची. मुख्य अग्निशमन अधिकारी राज किशोर राव के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया.

घनी बस्ती में लगी इस आग ने तेजी से आसपास सटी दुकानों को भी अपनी जद में ले लिया. कपड़े, परचूने, होजरी आदि की दुकानों में रखे सामान में स्वत: तेजी से ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से आगे बढ़ी. इस बीच दमकलकर्मियों ने आग को फैलने से रोकने के लिए कड़ी मशक्कत की। आग की भयावहता इलाके के निवासियों के बीच जबरदस्त रूप से दिखी सभी ने दमकलकर्मियों का पूरा सहयोग किया क्योंकि आग के फैलने पर कई दुकानों के जलने का खतरा दिखायी दे रहा था. आग के कारण दुकानों के भीतर से विस्फोट की आवाजें भी लोगों के डर को बढ़ा रहीं थी.

इस बीच दमकलकर्मी लगातार काम में जुटे रहे लेकिन आग की भयावहता इतनी थी कि सेना की गाडियों को भी लगना पड़ा. घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका लेकिन तब तक लाखों का सामाना जलकर राख हो चुका था. आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *