कानपुर के सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल को सीजीएचएस (सेन्ट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम) के पैनल से बाहर कर दिया गया है. अस्पताल में 85 साल की वृद्धा के कार्ड पर 48 साल की महिला का इलाज कर दिया गया. जब मुख्य सतर्कता आयोग ने इस मामले में जांच की तो आरोप सही पाए गए. जिसके बाद अस्पताल पर कार्रवाई की गयी. रीजेंसी अस्पताल को CGHS पोर्टल पर 15 दिनों के भीतर अपना जवाब दाखिल करने का मौका दिया गया है.
CGHS द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार 21 दिसम्बर 2018 को रीजेंसी सर्वोदय नगर में 85 साल की कमला देवी का सीजीएचएस कार्ड इलाज के लिए इस्तेमाल किया गया था. कार्ड का नम्बर 4517562 था. एडीशनल डायरेक्टर सीजीएचएस डाक्टर किरन सिंह ने बताया कि सीजीएचएस में क्लर्क ने अपनी 85 साल की दादी के कार्ड पर 48 साल की एक दूसरी महिला का इलाज करा दिया था. इलाज के दौरान 48 साल की महिला की मौत हो गई.
ऐसे पकड़ी गई धांधली
CGHS कार्ड पर किसी दूसरी महिला का इलाज की शिकायत कानपुर से सीवीसी (सेन्ट्रल विजिलेंस कमिशन) से की गई. सीवीसी ने इस मामले में जांच की तो धांधली पकड़ी गई. 85 साल की कमला देवी के कार्ड में उनकी फोटो लगी हुई थी. जबकि जिस महिला का इलाज हुआ उसकी उम्र 58 साल दर्ज की गई थी. इसी में सीवीसी द्वारा सीजीएचएस के जरिए रीजेंसी अस्पताल को स्पष्टिकरण के लिए नोटिस भेजा. एडीशनल डायरेक्टर सीजीएचएस के मुताबिक अस्पताल को इसके लिए 20 दिन का समय दिया गया था. मगर अस्पताल की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया और मियाद भी पूरी हो गई.
सीजीएचएस पैनल से बाहर होने से ये होगा प्रभावित
CGHSएडीशनल डायरेक्टर डा. किरन सिंह ने बताया कि इस पूरी घटना में अस्पताल की मिलीभगत पाई गई है. 11 नवम्बर की रात 12 बजे रीजेंसी अस्पताल को सीजीएचएस पैनल से बाहर कर दिया गया है. पैनल से बाहर करने के साथ ही सीजीएचएस की तरफ से अस्पताल को निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिनमें कहा गया है कि-
– रीजेंसी अस्पताल को सीजीएचएस लाभार्थियों को डायग्नोस्टिक, ओपीडी, आईपीडी आदि उपचार प्रदान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
– 11 नवम्बर की रात 12 बजे के बाद से रीजेंसी अस्पताल सीजीएस रोगियों को भर्ती नहीं कर सकेगा.
– 11 नवम्बर के बाद से रीजेंसी को 15 दिनों के भीतर एनएचए पोर्टल पर अपने दावे प्रस्तुत करने की अनुमति है. उसके बाद उन्हें दावा प्रस्तुत करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
– अस्पताल में पहले से भर्ती सीजीएचएस रोगियों का इलाज करने की अनुमति होगी.
रीजेंसी अस्पताल की तरफ से यह कहा गया
रीजेंसी हेल्थ के सीईओ अभिषेक कपूर ने कहा कि सीजीएचएस स्तर पर कुछ गलत संचार हुआ है, और कंपनी उचित समय पर सीजीएचएस के उच्च अधिकारियों को स्पष्टीकरण देगी. मामला काफी पुराना है जिसके बारे में हम आगे विस्तार से जानकारी लेंगे. इसके अलावा यह नोटिस केवल ए2 सर्वोदय नगर – टावर 1 के लिए है. अन्य सभी अस्पतालों और केंद्रों पर सभी सीजीएचएस रोगियों – टावर 2, स्वरूप नगर, गोविंद नगर और लखनऊ में इलाज जारी रहेगा.
















Leave a Reply