‘द साबरमती रिपोर्ट’ यूपी में टैक्स फ्री, सीएम योगी ने किया ऐलान; कैबिनेट सहयोगियों संग देखी फिल्म

Spread the love

गोधरा कांड पर बनी फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ उत्तरप्रदेश में टैक्स फ्री हो गई है. मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ फिल्म देखी और टैक्स फ्री करने का ऐलान किया. सीएम योगी ने यह भी कहा कि हर भारतीय को यह फिल्म देखना चाहिए और देश व समाज में वैमनस्यता पैदा कर रहे लोगों को एक्सपोज करना चाहिए.

फिल्म देखने के बाद सीएम योगी ने कहा कि गोधरा की सच्चाई को देश के सामने लाने का विक्रांत मैसी की टीम ने अपनी कला के माध्यम से अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सराहनीय प्रयास किया है. यूपी और यहां के लोगों की तरफ से उनका अभिनंदन करता हूं. जो लोग अक्सर सत्य पर पर्दा डालने का प्रयास करते हैं, देश और समाज के खिलाफ षड्यंत्र करते हैं, लेकिन फिल्म के माध्यम से द साबरमती रिपोर्ट ने उस सच्चाई को सामने लाने का प्रयास किया है.

योगी ने कहा कि सभी को पता है कि साबरमती एक्सप्रेस से अयोध्या से गुजरात वापस जा रहे कारसेवकों के साथ गोधरा स्टेशन के बाद जो कुछ भी हुआ था, उस सच्चाई को झुठलाने का प्रयास हो रहा था. वह सच्चाई सामने आई है. उस सच्चाई को बहुत से लोग आज भी झुठलाते हैं. उन्हें एक्सपोज करने की आवश्यकता है. यह एक साहसिक प्रयास फिल्म के माध्यम से हुआ है. इस तरह का प्रयास हर उस घटना के प्रति होना चाहिए जो देश, समाज और सरकार के खिलाफ वैमनस्यता पैदा करने के लिए अक्सर जिम्मेदार स्तंभों के स्तर पर होता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *