कानपुर के जाजमऊ में पुलिस और नार्कोटिक्स की संयुक्त टीम ने डम्पर में मछली और मुर्गी दाना की बोरियों में भरकर गांजा ले जा रहे चार आरोपितों को पकड़ा है. टीम ने करीब दो करोड़ की कीमत के 18 कुंटल गांजा के साथ चार आरोपितों को पकड़ा है. बताया गया कि आरोपित छत्तीसगढ़ से गांजा लेकर लखनऊ सप्लाई करने जा रहे थे.
जाजमऊ थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि बताया कि नारकोटिक्स सेल और जाजमऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर शुक्रवार देर रात हाइवे पर चेकिंग अभियान चलाया तभी एक डम्पर और कार को रोका. डंपर में मछली और मुर्गी दाना के नाम पर माल लदा था. इसी नाम पर बिल्टी भी बनवाई गई थी लेकिन सटीक इनपुट पर पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम ने डंपर रोक कर जांच शुरू की तो दंग रह गई.
तलाशी लेने पर डंपर में रखी सैकड़ों मछली और मुर्गी दाना की बोरियों में गांजा भरा हुआ था. शातिर तस्कर छत्तीसगढ़ से सस्ती दर पर गांजा खरीदकर यूपी के कई जिलों में गांजा सप्लाई करते थे. नारकोटिक्स सेल के इनपुट के आधार पर जाजमऊ हाईवे पर चेकिंग के दौरान डंपर से गांजा बरामद किया है. डंपर चालक के साथ ही मादक पदार्थ लदी गाड़ी को स्कॉर्ट करके ले जा रहे कार सवार तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है.
आरोपितों ने पूछताछ में अपना नाम शिवानंद नगर थाना भनपुरी जिला रायपुर छत्तीसगढ़ निवासी पुंडलीक, महाराजगंज के ग्राम नौबारार देवारा निवासी संतोष यादव, महाराजगंज के हेंगापुर गांव पोस्ट शागड़ थाना सिधारी निवासी राम सागर यादव और आजमगढ़ ग्राम गजेंद्र पट्टी भदौरा थाना अतरौलिया निवासी मंगेश यादव को बताया है.
बताया गया कि वे छत्तीसगढ़ से कई जिले के बॉर्डर से माल पार कराते हुए कानपुर पहुंच गए थे. बस अगले पड़ाव लखनऊ में माल की डिलेवरी करनी थी लेकिन इससे पहले दबोच लिए गए. थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में डंपर मालिक पुंडलीक ने बताया कि इससे पहले भी वे मध्यप्रदेश और राजस्थान में गांजा की बड़ी सप्लाई कर चुके हैं.
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपित 10 हजार प्रति किलो गांजा बेचते थे. जकड़े गए माल की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर नार्कोटिक्स प्रभारी आईनुद्दीन की तहरीर पर एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज कर जेल भेज दिया गया है.
















Leave a Reply