बवाल के बीच संभल की जामा मस्जिद में सर्वे पूरा, पुलिस सुरक्षा में बाहर लाए गए वकील विष्णु शंकर जैन

Spread the love

UP के संभल की जामा मस्जिद में सर्वे के लिए टीम के पहुंचने के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया जिससे वहां तनाव फैल गया. करीब ढाई घंटे तक मस्जिद के अंदर सर्वे करने के बाद पुलिस ने भारी सुरक्षा में दूसरे रास्ते से सर्वे टीम को वहां से बाहर निकाला. सर्वे करने पहुंची टीम में वकील विष्णु शंकर जैन भी शामिल थे.

ढाई घंटे तक चला सर्वे का काम

पत्थरबाजी होने के बाद हालात को संभालने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और सर्वे टीम को किसी अन्य रास्ते से बाहर निकाला गया. हालांकि जिस गली से उनका बाहार लाया जा रहा था उस दौरान कुछ लोग वहां भी नारेबाजी करते हुए नजर आए.

साढ़े सात बजे से लेकर दस बजे तक चले इस सर्वे के बाद एडवोकेट कमिश्नर का सर्वे पूरा हो गया. पूरे सर्वे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई है. अब इस मामले के प्रमुख वकील विष्णु शंकर जैन की अगुवाई में एडवोकेट कमिश्नर 29 नवबंर को अपनी रिपोर्ट देंगे. 

मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाने का दावा

इस रिपोर्ट में बताया जाएगा कि सर्वे के दौरान वहां क्या-क्या मिला. बता दें कि मुगलकालीन इस मस्जिद के एक प्राचीन हिंदू मंदिर स्थल होने के दावे के बाद कोर्ट के आदेश पर दूसरी बार वरिष्ठ वकील विष्णु शंकर जैन की अगुवाई में टीम सर्वे करने के लिए जामा मस्जिद के अंदर गई थी.

अंदर सर्वे, बाहर तैनात रही पुलिस

सर्वे करने के लिए टीम के वहां पहुंचते ही पुलिस पर भीड़ द्वारा पत्थरबाजी शुरू कर दी गई और धक्का मुक्की भी हुई. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि पुलिस और एसपी हेलमेट पहने नजर आए.

इससे पहले 19 नवंबर को संभल जिले की चंदौसी स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह की कोर्ट ने जामा मस्जिद के एडवोकेट कमिश्नर सर्वे का आदेश दिया था. इसके बाद संभल में जामा मस्जिद का सर्वे करने के लिए एडवोकेट कमिश्नर की टीम दोबारा पहुंची थी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *