GPS सिस्टम के भरोसे मंजिल तक पहुंचने की कोशिश किसी की जिंदगी का आखिरी पल भी हो सकता है. उत्तर प्रदेश में एक कार हादसे का शिकार हो गई. जिससे शादी समारोह में जा रहे कार में सवार 3 दोस्तों की मौत हो गई. परिजनों का दावा है कि हादसा जीपीएस सिस्टम के चलते हुआ. क्योंकि कार जीपीएस सिस्टम के सहारे ही जा रही थी. हालांकि, हादसा जीपीएस सिस्टम के चलते हुआ या नहीं, इसको लेकर पुलिस ने बयान नहीं जारी किया है.
पुलिस का बस इतना कहना है कि रामगंगा पुल के नजदीक एक गाड़ी पुल से गिरकर क्षतिग्रस्त हो गई. सूचना पर फरीदपुर पुलिस और दातागंज बदायूं की पुलिस मौके पर पहुंची. ऐसा प्रतीत हो रहा है पुल खत्म होने से कार बीच नदी में गिर गई. मौके से तीन लोगों के शव निकाले गए हैं.
पुल से कार नीचे गिरने की सूचना ग्रामीणों ने दी थी
पुलिस ने बताया कि पुल से कार के नीचे गिरने की सूचना ग्रामीणों ने दी थी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं, पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे परिजनों ने दावा किया है कि गाड़ी में सवार सभी लोग जीपीएस के भरोसे जा रहे थे. पुल पर ज़ब गाड़ी जा रही थी तो अचानक से आधे रास्ते मे पुल ख़त्म हो गया. जिससे कार कई फीट नीचे नदी में गिर गई. मामले में परिवार के लोग विभागीय अधिकारियों को भी दोषी मान रहे हैं, क्योंकि पुल को अधूरा छोड़ दिया गया था और कोई बैरिकेड्स भी नहीं लगाया गया था.
50 फीट ऊंचाई से गिरी कार
हादसा फरीदपुर थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी पर फरीदपुर-बदायूं के दातागंज को जोड़ने वाले अधूरे पड़े पुल पर हुई. जानकारी के मुताबिक तीनों कार सवार मैनपुरी निवासी कौशल कुमार, फर्रुखाबाद के विवेक कुमार और अमित थे. कार दातागंज की ओर से आ रही थी. इसी दौरान कार अधूरे पुल पर चढ़ गई और फिर पुल खत्म होते ही नदी में गिर गई.















Leave a Reply