मुरादाबाद में मंदिर के सामने का घर मुस्लिम डॉक्टर को बेचने पर बवाल, विरोध में उतरीं महिलाएं

Spread the love

मुरादाबाद के टीडीआई सिटी में महिलाओं ने गेट पर धरना दिया. यहां मुस्लिम समुदाय के डाक्टर को एक भवन बेचने को लेकर विरोध किया जा रहा है. यहां मंदिर के सामने एक आवास के मुद्दे पर दो दिनों से लोग लामबंद हैं. पुलिस प्रशासन का जोर इस बात का है कि माहौल न खराब होने पाए.

बुधवार को भी कुछ महिलाओं ने एकत्र होकर टीडीआई सिटी गेट पर धरना दिया. देर शाम एक बैठक भी की गई. धरना देने वाली महिलाओं ने कहा कि मंदिर के सामने किसी दूसरे समुदाय के व्यक्ति को मकान बेचना उचित नहीं है. डॉ. बजाज ने अपना मकान मुस्लिम समुदाय के डॉक्टर युसूफ को बेच दिया है. मकान मंदिर के सामने होने से यहां लोगों को आपत्ति है. लोगों ने अफसरों से एक दिन पहले मुलाकात की थी. कॉलोनी वासियों का कहना है कि कालोनी में असुरक्षा का माहौल है. अधिकारी इसमें हस्तक्षेप करें. अफसरों ने उन्हें आश्वस्त किया था कि वह इसमें दूसरे पक्ष से बात करेंगे. अरविंद अग्रवाल जॉनी ने कहा कि हम लोग चाहते हैं कि किसी अन्य व्यक्ति को मकान बेचा जाए। लोगों ने कहा कि जल्द हम अगली रणनीति तय करेंगे.

माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा: DM

उधर जिलाधिकारी अनुज सिंह ने इस प्रकरण पर कहा कि इस प्रकरण में माहौल खराब नहीं होने दिया जाएगा. इस मामले में दोनों पक्षों से बात की जा रही है.

विधायक रितेश गुप्ता के आवास पर की मुलाकात

कालोनी के लोगों ने इस सिलिसले में नगर विधायक रितेश गुप्ता के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की. उनसे इस संबंध में डिटेल से बातचीत की है. उन्होंने भी समस्या को सुलझाने व समाधान करने का आश्वासन दिया. टीडीआई सिटी के लोगों ने कहा हम किसी दूसरे समुदाय को यह मकान नहीं बेचने देंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *