पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में एक रेस्टोरेंट में आज दोपहर भीषण आग लग गई. रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई. आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां तैनात की गई. फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि दोपहर 2:00 बजे कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना मिली थी, तब से आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है.
आग राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन के सामने जंगल जंबूरी रेस्टोरेंट में लगी है। अभी आग पर काबू नहीं पाया गया है. आग बुझाने का काम अभी तेजी से चल रहा है. फिलहाल किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है. असिस्टेंट डिविजनल ऑफिसर सरबजीत सहित मौके पर 60 फायरकर्मी बुझाने में जुटे हुए हैं. न्यूज ऐजेंसी द्वारा शेयर की गई वीडियो के अनुसार जंगल जंबूरी रेस्टोरेंट की छत से लोगों ने कूद-कूदकर अपनी जान बचाई.
वीडियो में रेस्टोरेंट की छत पर बीस से तीस लोग दिखाई पड़ रहे हैं. उनके पीछे धुएं का काला गुबार दिखाई दे रहा है, जिससे बचते हुए लोग छत से एक-एक कर कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं. सभी लोग एक-एक कर कैफे के बगल बाली बिल्डिंग पर एक-दूसरे की मदद से कूदते हुए दिखाई पड़ते हैं. फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं आई है. बाकी आग बुझाने का काम दमकल विभाग की टीम कर रही है.













Leave a Reply