लखीमपुर में छुट्टा जानवर भगाने को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे: दो की मौत, 8 घायल

Spread the love

UP के लखीमपुर में भीरा थाना क्षेत्र के गांव में शुक्रवार की देर रात छुट्टा जानवरों को भगाने को लेकर गांव के दो पक्षों में टकराव हो गया. आपस में जमकर लाठी- डंडे चले. इस घटना में आठ लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए. इनमें से दो को लखनऊ रेफर किया गया था. शनिवार की सुबह इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गयी. अलग-अलग जातियों के लोगों के बीच संघर्ष होने के कारण गांव में तनाव के हालात हैं. मौके पर एएसपी नैपाल सिंह पहुंच गए हैं. गांव में अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाया गया है.

जानकारी के अनुसार रड़ा देवरिया गांव में शुक्रवार की रात छुट्टा जानवरों से खेत बचा रहे लोगों के बीच टकराव हो गया. बताते हैं कि एक पक्ष के लोगों ने छुट्टा जानवर भगाए तो वे दूसरे पक्ष के खेत मे चले गए. एक दूसरे की फसल नष्ट कराने का आरोप लगाकर पहले कहासुनी हुई. फिर दोनों ही पक्ष की ओर से कई-कई लोग जुट गए और विवाद बढ़ गया. यहां तक कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले. मार-पीट में 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई. 

घटना की जानकारी मिलते ही विवाद सुलझाने रात को ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने आठ गंभीर घायलों को जिला अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया. जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद रामजीत सिंह व गुड्डू सिंह को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया. शनिवार सुबह दोनों की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गयी। अन्य घायलों का इलाज अभी जारी है.

सूचना पर एसओ भीरा शिवजी दुबे, सीओ अजेंद्र यादव, एएसपी नैपाल सिंह गांव पहुंच गए. बताया जा रहा है कि संघर्ष दो अलग-अलग बिरादरी के बीच हुआ है. इस लिहाज से गांव की स्थिति तनावपूर्ण है. हालात देखते हुए अतिरिक्त फोर्स भी गांव में बुलाया गया है. एएसपी ने फोर्स के साथ गांव में मार्च भी किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *