गिरफ्तार हुआ बरेली का साइको किलर, कबूली छह महिलाओं की हत्या की बात

Spread the love

UP के बरेली में एक साल के अंदर हुई 10 महिलाओं के मामले में हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार व्यक्ति ने छह महिलाओं की हत्या की बात भी कबूली है. पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि सौतेली मां के व्यवहार और पत्नी के जाने के गम ने उसे साइको बना दिया. वह महिलाओं से इस कदर नफरत करने लगा कि उन्हें चुन-चुन कर मौत के घाट उतारना ही अपना मकसद बना लिया. इसके लिए साइको किलर ने एक-एक महिलाओं को टारगेट करना शुरू कर दिया. जिस भी महिला को वह अकेला देखते उसके पास चला जाता था और फिर यहीं पर महिलाओं को बनाता था अपना निशाना. पुलिस गिरफ्त में साइको किलर ने बताया कि वह महिलाओं से बात करने की कोशिश करता था. महिलाओं से रेप की भी कोशिश करता था, लेकिन जब महिलाएं विरोध करती थीं तो उनको उसी की साड़ी से गला दबाकर मार देता था. महिला की मौत हो जाने के बाद उनकी कुछ न कुछ निशानी भी अपने पास रखता था. एक के बाद एक हो रही महिलाओं की हत्या की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस के भी पसीने छूट गए, लेकिन आखिरकार पुलिस को सफलता मिल ही गई.

पूरा मामला बरेली जिले के शाही-शीशगढ़ क्षेत्र का है. पुलिस ने जिस साइको किलर को गिरफ्तार किया है वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के समुआ बाकरगंज गांव का रहने वाला 35 साल का कुलदीप है. बचपन में कुलदीप के पिता बाबूराम उसकी मां के साथ मारपीट करते थे. इसके बाद पिता ने मां के जीवित रहते ही दूसरी शादी कर ली. कुछ दिनों पश्चात कुलदीप की मां की मौत हो गई. इन सबके लिए वह अपनी सौतेली मां को जिम्मेदार मानने लगा। 2014 में कुलदीप की शादी हुई लेकिन उसके हिंसक व्यवहार के कारण चार साल बाद ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसके बाद वह खानाबदोश की तरह रहने लगा और नशे का आदी हो गया.

इस तरह पकड़ा गया साइको किलर पूरे मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 22 टीमें लगा रखी थी और इसे ‘ऑपरेशन तलाश’ नाम दिया गया था. पुलिस ने जीपीएस मैपिंग के जरिये इन सभी घटनाओं का 25 किलोमीटर का दायरा चिह्नित कर जांच शुरू की. लोगों को जागरूक कर क्षेत्र में जनसहयोग से 2100 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए. लोगों से हर संदिग्ध का वीडियो बनाने को कहा गया.

मंगलवार को जारी किए गए थे तीन संदिग्धों के स्केच कुछ दिन पहले ही शाही क्षेत्र में एक महिला ने कुलदीप द्वारा हमले की बात कही. इसी बीच बीते 2 जुलाई को शाही इलाके में फिर एक महिला की लाश पुलिस को मिली. उसकी हत्या भी साड़ी से गला घोंटकर की गई थी. इसके दो दिन बाद ही आरोपी कुलदीप ने भी एक दुकान पर हत्या करने की चर्चा की. इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को तीन संदिग्धों के स्केच बनाकर जारी किए और फिर गुरुवार को उसे दबोच लिया गया.

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया, शाही-शीशगढ़ क्षेत्र में 14 महीने में दस महिलाओं की हत्या की गई थी. इनके खुलासे के लिए 22 टीमें बनाकर ऑपरेशन तलाश नाम से पड़ताल शुरू की गई. जीपीएस मैपिंग, सर्विलांस और मुखबिरी समेत कई तरीकों की मदद लेकर एक साइको किलर को गिरफ्तार किया गया है. उसने छह महिलाओं की हत्या करने की बात स्वीकार की है। अन्य घटनाओं की अभी जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *