लाल किले से PM मोदी की दहाड़, कहा-40 करोड़ ने महाशक्ति को उखाड़ फेंका था, आज तो हम 140 करोड़ हैं..

Spread the love

देश आज 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर पर तिरंगा फहराया. उन्होंने देश को संबोधित करते हुए कहा कि जब हम 40 करोड़ थे, तब हमने महासत्ता को हरा दिया था, आज तो हम 140 करोड़ हैं.

78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद देश को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया. पीएम मोदी ने कहा कि जब हम 40 करोड़ थे, तब हमने महासत्ता को हरा दिया था. आज तो हम 140 करोड़ हैं.

संबोधन से पहले पीएम मोदी को स्वदेशी 105 एमएम लाइट फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी गई. समारोह में करीब 6000 स्पेशल अतिथियों को आमंत्रित किया गया. कार्यक्रम में खासतौर पर अटल इनोवेशन मिशन जैसी पहलों से जुड़े लोग, मेरा युवा भारत के वॉलंटियर्स, आदिवासी समुदाय के लोग और किसान संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.

यह भारत का स्वर्णिम कालखंड: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा,’जब लाल किले से कहा जाता है कि देश के 18 हजार गांव में समय सीमा के अंदर बिजली पहुंचाएंगे और वो काम हो जाता है तो भरोसा मजबूत हो जाता है. यह भारत का स्वर्णिम कालखंड है, यह मौका जाने नहीं देना है.’

बैंकिंग सेक्टर में अनेक रिफॉर्म किए: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा,’बैंकिंग क्षेत्र में जो रिफॉर्म हुआ. आप सोचिए बैंकिंग सेक्टर का पहले क्या हाल था, ना विकास होता था, ना विस्तार होता था, ना विश्वास बढ़ता था. हमने बैंकिंग सेक्टर में अनेक रिफॉर्म किए. आज विश्व के सबसे मजबूत बैंकों में हमारे बैंकों ने अपना स्थान बनाया. जब बैंकिंग मजबूत होती है तो अर्थव्यवस्था की ताकत भी बढ़ती है.’

सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है तो गर्व होता है: PM मोदी

लाल किले से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,’विश्व में सबसे तेज गति से करोड़ों लोगों को कोविड वैक्सीनेशन का काम हमारे देश में हुआ. कभी आतंकवादी हमारे देश में आकर हमें मारकर चले जाते थे, जब देश की सेना सर्जिकल स्ट्राइक करती है, जब देश की सेना एयर स्ट्राइक करती है तो देश के नौजवानों का सीना गर्व से भर जाता है.’

हम नेशन फर्स्ट के संकल्प से प्रेरित: पीएम मोदी

लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने कहा,’एक समय था कि लोग देश के लिए मरने के लिए प्रतिबद्ध थे. आज समय देश के लिए जीने की प्रतिबद्धता का है. अगर देश के लिए मरने की प्रतिबद्धता आजादी दिला सकती है तो देश के लिए जीने की प्रतिबद्धता समृद्ध भारत भी बना सकती है. हमारे रिफॉर्म राजनीतिक मजबूरी नहीं हैं. हम नेशन फर्स्ट के संकल्प से प्रेरित हैं.’

प्राकृतिक आपदा के कारण चिंताएं बढ़ीं: PM मोदी

पीएम मोदी ने लाल किले की प्राचीर से कहा,’इस वर्ष और पिछले कई वर्षों से प्राकृतिक आपदा के कारण हमारी चिंता बढ़ती चली जा रही है. प्राकृतिक आपदा में अनेक लोगों ने अपने परिवार जन खोए हैं, संपत्ति खोई है. मैं आज उन सब के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि ये देश इस संकट की घड़ी में उनके साथ खड़ा है.’

आजादी के दीवानों को देश करता है नमन: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान कहा,’आज शुभ घड़ी है. जब हम देश की आजादी के लिए मर मिटने वाले और अपना जीवन समर्पित करने वाले आजादी के दीवानों को नमन कर रहे हैं. ये देश उनका ऋणी है. ऐसे हर देशवासी के प्रति हम अपना श्रद्धा भाव व्यक्त करते हैं.’ देश को प्रेरित करते हुए पीएम मोदी ने कहा जब हम 40 करोड़ थे, तब महासत्ता को हरा दिया, आज तो हम 140 करोड़ हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *