बाराबंकी में शुक्रवार सुबह अवध एकेडमी स्कूल का छज्जा गिर गया. 40 बच्चे मलबे के साथ 15 फीट नीचे जमीन पर गिर गए. हादसे में सभी घायल हो गए। 15 का जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा. हादसे के बाद स्कूल को सील कर दिया गया. मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए है.
मामला सुबह 8 बजे का जहांगीराबाद थाना क्षेत्र का है. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई. कई बच्चे मलबा के बीच दब गए. किसी के सिर-चेहरे और गर्दन में तो किसी के सीने और हाथ पैर में गंभीर चोट आई. कई बच्चों के पैर टूटे हैं. यहां हर तरफ केवल खून ही खून था. बच्चों की चींख-पुकार मची थी.
शोर-शराबा सुनकर आसपास के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही डीएम और एसपी भी पहुंचे। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम ने बच्चों को मलबे से रेस्क्यू करके निकाला. सभी घायलों को स्कूल से 300 मीटर दूर जहांगीराबाद CHC लेकर पहुंचे. यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

घटना के बाद कई छात्र पहली मंजिल पर फंस गए
बाराबंकी शहर से 7 किलोमीटर दूर अवध एकेडमी स्कूल जहांगीराबाद क्षेत्र का बड़ा स्कूल है. करीब 5 हजार स्क्वायर फीट में बने स्कूल की इमारत दो मंजिला है. यहां 500 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं. इमारत करीब 10-12 साल पुरानी है.
ग्राउंड फ्लोर से पहली मंजिल जाने के लिए लोहे की सीढी है. यहां छज्जा से होते हुए बच्चे क्लास रूम में पहुंचते हैं. छज्जा गिरने के बाद कई छात्र ऊपर की मंजिल में फंस गए. बांस की सीढ़ी लगाकर उन्हें पहली मंजिल से नीचे उतारा गया. घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के माता-पिता भी स्कूल पहुंच गए. स्कूल प्रबंधन भी मौके पर पहुंचा.
सीएम योगी ने हादसे पर संज्ञान लिया है। अफसरों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं.
अभिभावक अनिल कुमार ने बताया- मेरा बच्चा अवध एकेडमी स्कूल में कक्षा 6 में पढ़ता है. आज उसकी परीक्षा थी, सुबह घर से स्कूल गया. कुछ समय बाद ही फोन आया कि स्कूल का छज्जा गिर गया है। जिसमें बच्चे घायल हो गए हैं. घटना की सूचना मिलते ही स्कूल पहुंचे, देखा तो मेरा बेटा सुरक्षित था। लेकिन हादसे में कई बच्चे गंभीर घायल हुए हैं. बेटे ने बताया कि प्रार्थना करने के लिए सभी लोग जा रहे थे. अचानक से स्कूल के पहली मंजिल का छज्जा गिर गया.

एसपी बोले- हादसे की वजह की जांच कर रहे
एसपी ने कहा- अभी तक हादसे की वजह ओवरलोडिंग सामने आया है. जांच जारी है। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया- अवध एकेडमी स्कूल में बच्चों की परीक्षा होनी थी. इसी दौरान छज्जा पर एक साथ भारी संख्या में बच्चे आ गए. छज्जा पर लोड बढ़ा और अचानक से गिर गया. हादसे में 40 बच्चे घायल हैं. सभी घायल बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. हादसे के पीछे की वजहों की जांच शुरू कर दी गई है. जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार होगा. उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. स्कूल की मान्यता 10वीं है, लेकिन संचालन 12वीं तक किया जा रहा था.
डीएम बोले- बच्चों का ट्रामा सेंटर में चल रहा इलाज
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जहांगीराबाद में स्थित अवध एकेडमी स्कूल में छच्चे गिरने के मामले का मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं. स्कूल भवन को सील कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. घायल बच्चों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है जिसमें 15 बच्चे घायल हैं. कुछ का पैर टूट गया है. कुछ को अन्य जगह गंभीर चोट आई है. इनका इलाज जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में चल रहा है. मामूली घायलों का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया है.















Leave a Reply