शामली में हरियाणवी एक्टर -सिंगर अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या

Spread the love

हरियाणा के मशहूर एक्टर-सिंगर अंकित बालियान की बुधवार को UP के शामली में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई. अंकित शामली के बंतीखेड़ा के मूल निवासी थी और रोहतक व पानीपत में रहकर सिंगर और एक्टर का काम करते थे.

जिम से निकलते ही घेरकर बरसाईं गोलियां: जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान शाम करीब सात बजे रोज की तरह जिम गए थे. जिम से बाहर निकलने के बाद जैसे ही वह अपनी कार में बैठने लगे, पहले से घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. बताया जा रहा है कि ड्राइवर साइड की तरफ दीवार होने के कारण अंकित दूसरी ओर से कार में बैठ रहे थे. इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया.

हमलावरों ने करीब 18 राउंड फायर किए. इनमें तीन गोलियां कार के अगले शीशे में लगीं, जबकि अन्य गोलियां खिड़की खोलकर चलाई गईं. सिर और पेट समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों में करीब पांच गोलियां लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े.

फायरिंग के बाद तमंचे लहराते हुए फरार: अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास भगदड़ मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अंकित को अस्पताल भिजवाया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है.

मां ने गोद में रखा बेटे का शव: अंकित की हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया. इस दौरान अंकित की मां अपने बेटे का शव गोद में लेकर सड़क पर बैठ गईं. परिजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है.

‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे…’ गाने से मिली पहचान: अंकित बालियान मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे. वह हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर सिंगिंग और एक्टिंग करते थे. उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान, जज के भी आवेंगे पसीने’ काफी लोकप्रिय हुआ था. वर्ष 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा रही थी.

बताया जा रहा है कि अंकित आगामी जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे. हालांकि उनकी हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *