गाजीपुर में डायन मां ने 2 बेटों को रॉड से पीटकर मार डाला, पहले मुंह में कपड़ा ठूसा, तेज आवाज में गाना बजाया

Spread the love

UP के गाजीपुर में एक मां ने 14 साल और 12 साल के अपने दो नाबालिग बेटों की हत्या कर दी. एक-एक कर दोनों के मुंह में कपड़ा ठूंसा और लोहे की रॉड से सिर पर वार किया. बच्चों की चीख पड़ोसियों को सुनाई न दे, इसलिए तेज आवाज में भक्ति गीत बजा दिया. 9 साल की बेटी ने भाइयों को मारते देख लिया तो उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया.

दोनों मासूमों के पड़े शव

मंगलवार रात की वारदात जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर खानपुर थानाक्षेत्र के रजहटी गांव की है. बुधवार शाम गुमशुदगी की जांच करने पहुंची पुलिस ने घर के एक बंद कमरे का ताला खुलवाया तो हत्याकांड का खुलासा हुआ. बेड पर दोनों बच्चों के खून से सने शव पड़े मिले. मामला खुलने के बाद महिला दूसरे कमरे में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश करने लगी. हालांकि, गांववालों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, महिला का पति दूसरी शादी कर चुका था. इसी वजह से वह परेशान रहती थी.

एसपी डॉ. ईरज रजा के मुताबिक, रजहटी गांव निवासी अर्जुन राजभर ओडिशा में पेंटिंग का काम करता है. परिवार में उसकी मां लालपूरी, पिता लालजी, पत्नी पूजा, दो बेटे करन (14) और आर्यन (12) तथा 9 साल की बेटी प्रतिभा हैं. करन कंपोजिट स्कूल में 7वीं और आर्यन 6वीं कक्षा में पढ़ता था जबकि प्रतिभा गांव के पास स्थित आदर्श शिक्षा निकेतन में 5वीं कक्षा की छात्रा है.

ग्रामीणों के अनुसार, अर्जुन ने करीब 3 साल पहले मुंबई में काम करने के दौरान दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद वह दूसरी पत्नी के साथ ओडिशा में रहने लगा. वह करीब 7 साल से घर नहीं आया था। परिवार के खर्च के लिए कभी-कभार पैसे भेजता था. अर्जुन की पहली पत्नी पूजा इस बात से परेशान रहती थी. वह तीनों बच्चों और सास-ससुर के साथ गांव में रहती थी. ग्रामीणों के मुताबिक, वह अक्सर चिड़चिड़ी रहती थी और बच्चों के साथ मारपीट भी करती थी.

9 साल की बेटी प्रतिभा ने बताया कि मां के हाथ में खून से सनी रॉड देखकर डर गई थी. चीख न सुनाई दे, इसलिए तेज आवाज में भक्ति गीत बजाया. पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे पूजा ने दोनों बेटों को कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद उसने तेज आवाज में भक्ति गीत बजाया, ताकि बच्चों की चीख बाहर न सुनाई दे.

रोते-बिलखते बच्चों के दादी-बाबा

पहले उसने करन के मुंह में कपड़ा ठूंसा और लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया. इसके बाद छोटा बेटा आर्यन भागने लगा तो उसे जमीन पर गिराकर उसके मुंह में भी कपड़ा ठूंस दिया और रॉड से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी.

प्रतिभा ने पुलिस को यह भी बताया कि मां लोहे की रॉड छत के पीछे खेत में फेंकने गई थी. उसने मां को ऐसा करते देख लिया। इस पर मां ने धमकी दी कि किसी को बताया तो उसे भी मार देगी. डर के कारण प्रतिभा चुपचाप दादा-दादी के पास जाकर लेट गई. कुछ देर बाद मां उसे अपने कमरे में बुलाने लगी. वह बार-बार साथ चलने के लिए कह रही थी तभी दादा ने कहा कि जब वह यहीं सो रही है तो उसे सोने दो. इसके बाद मां वहां से चली गई.

पुलिस को आशंका है कि बच्चों की हत्या से पहले उन्हें जहर दिया गया होगा. इसकी पुष्टि के लिए दोनों बच्चों के ब्लड सैंपल लिए गए हैं. पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए. महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है.

एसपी डॉ. ईरज रजा ने बताया- “प्रारंभिक जांच में दोनों बच्चों के सिर पर लोहे की रॉड से वार किए जाने की बात सामने आई है. हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है. इसमें किसी और की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *