बरेली में 5 मंजिला नवोदय अस्पताल में आग, वार्डों में भरा धुआं, गोद में बच्चों को लेकर भागे तीमारदार

Spread the love

बरेली के 5 मंजिला नवोदय हॉस्पिटल में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई. आग सुबह 10 बजे टॉप फ्लोर पर बने एक कमरे में लगी. देखते ही देखते धुआं पूरे अस्पताल में भर गया. जैसे ही फायर अलार्म का सायरन बजा, अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई.

वार्डों में भर्ती मरीजों को उनके परिजन जैसे-तैसे बाहर लेकर भागने लगे. वार्ड में भर्ती मासूम बच्चों को उनके मां-बाप गोद में लेकर बाहर की ओर दौड़े. वहीं, अस्पताल कर्मचारी गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर पर बाहर निकाल कर लाए.

जिस वक्त हादसा हुआ, यानी सुबह 10 बजे ओपीडी का समय था. ICU समेत बाकी वार्डों में करीब 100 मरीज और तीमारदार मौजूद थे. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.

आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया. अस्पताल प्रशासन ने एम्बुलेंस की मदद से सभी मरीजों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में शिफ्ट कराया. घटना इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मिनी बाईपास की है. शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. 

अस्पताल के मालिक उमेश गंगवार ने बताया कि अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल पर रेस्ट रूम है. उसी में आग भड़की। कमरे में सोफे वगैरह होने की वजह से आग फैलने लगी. इससे काफी धुआं उठा. फायर ब्रिगेड की टीम ने समय से पहुंचकर आग पर काबू पा लिया. इससे आग अन्य फ्लोर तक नहीं फैली, लेकिन धुएं की वजह से हर फ्लोर पर फायर अलार्म बजने लगे.

उन्होंने बताया- एहतियातन अस्पताल खाली कराया गया। बगल के राज अस्पताल और प्रसाप अस्पताल से संपर्क कर सभी मरीजों को वहां शिफ्ट कराया गया। हमारे कर्मचारी भी शिफ्ट किए गए हैं. मरीजों की निगरानी कर रहे हैं.

डॉ. उमेश गंगवार ने बताया- अस्पताल के टॉप फ्लोर का इस्तेमाल आम तौर पर नहीं होता है. वहां लोगों की आवाजाही भी कम रहती है. अस्पताल में अग्निशमन के जरूरी इंतजाम मौजूद हैं. ऊपर बनी कैंटीन भी करीब डेढ़ साल से बंद है. वहां कोई गतिविधि नहीं होती. आग से केवल एक-दो सोफे जलने की जानकारी है. किसी मरीज या अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *