बस्ती में कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो की मौके पर मौत तीसरा अस्पताल में मरा

Spread the love

UP के बस्ती में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. यहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई. जबकि, कार चालक भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल है. जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है.

जानकारी के मुताबिक, कलवारी थाना के बस्ती-टांडा मार्ग के चनगहिया गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि तीसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई. घटना की सूचना कलवारी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. एक्सीडेंट में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल भेजा. पुलिस के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे.

मृतकों की पहचान भुइसापुर गांव निवासी 28 वर्षीय सहाबुद्दीन, 26 वर्षीय नूर आलम और करीब 29 वर्षीय शरीफ के रूप में हुई है. सहाबुद्दीन और नूर आलम की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि गंभीर रूप से घायल शरीफ को एंबुलेंस से बस्ती जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया. वहीं घटना में कार चालक अविनाश निवासी बाग बहाव, थाना पवई, आजमगढ़ भी गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

हादसे के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है. एएसपी श्यामाकांत ने बताया कि कार और बाइक में आमने सामने की टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई. कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *