लखनऊ में NGO संचालक की अपहरण के बाद हत्या, दुबग्गा नहर में मिला शव; खुद को बताते थे Bjp नेता

Spread the love

लखनऊ स्थित सुशांत गोल्फसिटी इलाके से शनिवार को अपहरण के बाद महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट के संचालक धीरेंद्र प्रताप सिंह (43) की हत्या कर दी गई. रविवार शाम उनका शव दुबग्गा इलाके में अमेठिया सलेमपुर गांव की नहर में मिला. धीरेंद्र मूल रूप से उन्नाव जनपद के फतेहपुर चौरासी इलाके के राजेपुर गांव के रहने वाले थे. वह खुद को भाजपा नेता भी बताते थे.

एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव के मुताबिक धीरेंद्र यहां कई साल से सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में रह रहे थे. शनिवार को देर रात तक घर न पहुंचने पर उनके परिवारीजनों ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला. इसके बाद अपहरण की आशंका जताते हुए परिवारीजनों ने मुकदमा दर्ज कराया. तफ्तीश में पता चला कि धीरेंद्र शाम को घर से कार से फिनिक्स पलासियो माल जाने के लिए निकले थे. इसके बाद वह घर नहीं गए. मुकदमा दर्ज कर पुलिस की चार टीमें तफ्तीश में लगी थी.

इस बीच रविवार शाम उनका शव दुबग्गा इलाके में अमेठिया सलेमपुर गांव की नहर में झाड़ियों के बीच पड़ा होने की सूचना मिली. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शव निकलवाया. पुलिस ने आशंका के आधार पर ड्राइवर रवि को हिरासत में ले लिया है. रवि से पूछताछ की जा रही है. रुपयों के लेन-देन और कई अन्य बिंदुओं पर हत्या के संबंध में जांच की जा रही है.

प्रापर्टी का भी करते थे काम, खुद को बताते थे भाजपा: नेता धीरेंद्र उन्नाव और लखनऊ में प्रापर्टी का काम करते थे. वह समाजिक संस्था भी चलाते थे। खुद को भाजपा नेता बताते थे. हालांकि उन्नाव के भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने बताया कि धीरेंद्र का कोई पद नहीं था. धीरेंद्र को दो गनर भी एलाट हुए थे. वह गनर लेकर भी चलते थे. हालांकि शनिवार को जब वह घर से निकले तो उन्होंने गनर वहीं छोड़ दिए थे. अकेले कार लेकर घर से निकले थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *