कानपुर में कार सिखाने के बहाने छेड़खानी-अश्लीलता करने वाले का मुंड़वाया सर, निकाला जुलूस

Spread the love

कानपुर के रावतपुर में कार सिखाने के दौरान नाबालिग से छेड़खानी करने वाले ड्राइवर को भारी पड़ गया. किशोरी के परिजनों के साथ ही मोहल्ले के लोगों ने छेड़छाड़ करने के आरोपी ड्राइवर को पीटा और उसका आधा सिर मुड़वा दिया. इतना ही नहीं उसमा पीटते हुए जुलूस निकाला और थाने लेकर पहुंचे.

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है. डीसीपी ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी ड्राइवर को जेल भेजा जाएगा.

कार सिखाने के दौरान नाबालिग से करने लगा अश्लीलता: रावतपुर क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी को कार चलाना सिखाने के लिए अपने चालक को जिम्मेदारी दी थी. परिजनों के मुताबिक, चालक करीब एक सप्ताह से किशोरी को कार चलाना सिखा रहा था. आरोप है कि सोमवार को कार सिखाने के दौरान चालक ने किशोरी के साथ अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की.

घटना के बाद किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी. किशोरी से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भड़क गए. उन्होंने आसपास के लोगों को भी मामले की जानकारी दी. इसके बाद कई लोग चालक को पकड़ने के लिए पहुंच गए. लोगों ने आरोपी की पिटाई शुरू कर दी.

इस दौरान कुछ लोगों ने उसके सिर का आधा हिस्सा भी मुंडवा दिया. इसके बाद आरोपी को इलाके की गलियों में घुमाते हुए पुलिस को सौंप दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. डीसीपी वेस्ट कासिम आबिदी ने बताया कि किशोरी के पिता ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ छेड़खानी की तहरीर दी है. आरोपी को मेडिकल के लिए भेजा गया है। जल्द ही रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी को जेल भेजा जाएगा.

ड्राइवर के भरोसे बेटी को छोड़ना पड़ा भारी: पीड़ित परिवार ने बताया कि बीते एक सप्ताह से वह अपनी 17 साल की बेटी को कार ड्राइविंग सिखवा रहे हैं. उन्हें भरोसा था कि घर का ड्राइवर है, कोई चिंता की बात नहीं है, लेकिन ड्राइवर ने ही बेटी को अकेला पाकर उसके साथ अश्लीलता शुरू कर दी. किशोरी ने पहले तो कार में ही विरोध किया और घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद भड़के परिजनों ने उसे पीटा और पुलिस को सौंप दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *