कानपुर के जाजमऊ की जेके कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर लड़ रहे दो सांड एक घर में घुस गए. सांडों के अचानक घर में घुसने से परिवार के लोग डर गए। इसी दौरान खुद को बचाने के लिए भाग रहे एक युवक को सांड ने सींगों से उठाकर पटक दिया.
युवक के शरीर में कई जगह चोटें आईं. आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया. इस घटना का वीडियो बुधवार दोपहर 3 बजे सामने आया.
जेके कॉलोनी निवासी सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि वह फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं. मंगलवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. तभी सड़क पर दो सांड आपस में लड़ रहे थे. देखते ही देखते दोनों सांड लड़ते हुए सड़क किनारे बने उनके घर में घुस गए. घर के अंदर मौजूद परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई. सौरभ ने बताया कि सांडों से बचने के लिए उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान एक सांड ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. सांड ने उन्हें उठाकर जमीन पर पटक दिया. हमले के बाद वह दर्द से कराहने लगे. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांडों को वहां से हटाया. इसके बाद घायल सौरभ को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में नगर निगम के खिलाफ गुस्सा है. लोगों का आरोप है कि जेके कॉलोनी और आसपास आवारा सांडों का आतंक लंबे समय से है. कई बार नगर निगम में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि सड़कों पर घूमते और आपस में लड़ते सांड राहगीरों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं. स्थानीय लोगों ने नगर निगम से आवारा सांडों को पकड़कर सुरक्षित जगह पहुंचाने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है.
















Leave a Reply