स्वरूप नगर के घर में धधकी आग: जहरीले धुएं में फंसे लोग, लैडर से 3 को निकाला, खाली कराए आसपास के फ्लैट्स

Spread the love

कानपुर के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में गैस्ट्रो लीवर रतन हॉस्पिटल के पास सोमवार सुबह एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि पूरा घर धुएं से भर गया. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. दूसरी मंजिल पर फंसे 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.

सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि सुबह 4:47 बजे मिनी कंट्रोल से सूचना मिली थी कि स्वरूप नगर में गैस्ट्रो लीवर रतन हॉस्पिटल के पास एक मकान में आग लगी है. सूचना मिलते ही कर्नलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. आग की भयावहता को देखते हुए मीरपुर और फजलगंज फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए.

जहरीले धुएं से अंदर जाना मुश्किल: फायर टीम के पहुंचने तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी. सामने की ओर से आग लगी होने और अंदर घना धुआं भरा होने के कारण फायरकर्मियों के लिए सीधे अंदर जाना मुश्किल था. फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए भी पर्याप्त रास्ता नहीं था.

ऐसे में फायरकर्मियों ने बाहर से सीढ़ी लगाकर रेस्क्यू शुरू किया. दूसरी मंजिल पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें एक बुजुर्ग की तबीयत खराब थी, इसलिए उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया.

घर में फंसे दो कुत्तों को भी निकाला: रेस्क्यू के दौरान फायरकर्मियों को पता चला कि मकान में दो कुत्ते भी फंसे हुए हैं. टीम ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घर में मौजूद अन्य लोगों को दूसरे रास्ते से सुरक्षित छत तक पहुंचाया गया और वहां से बाहर निकाला गया.

आसपास के फ्लैट भी खाली कराए: आग को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को भी एहतियातन बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया.

सीएफओ दीपक शर्मा के मुताबिक, घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *