मेरठ में सपा विधायक अतुल प्रधान हाउस अरेस्ट, पुलिस से धक्का-मुक्की; जा रहे थे सहारनपुर

Spread the love

UP में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद ढहाए जाने के बाद सियासत तेज हो गई है. सहारनपुर जा रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने मेरठ में हाउस अरेस्ट कर लिया. प्रधान जैसे ही अपने घर में कार पर सवार हुए. पुलिस ने आगे जीप खड़ी कर दी. विधायक ने कहा- आप के पास लाठी है आप चलाओ, लेकिन जाएंगे जरूर.

CO ने विधायक से कहा- निवेदन है आपसे, आप अंदर चलिए. इसके बाद विधायक कार से उतरे और बोले कि आप हमें अपनी जीप में बैठाओ. पुलिसवालों ने उन्हें रोका तो उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि जोर लगाओ. धक्का-मुक्की जैसे हालात के बीच एक समर्थक दरोगा पर भड़क गया. बोला कि घूर क्यों रहे हो?.

दरअसल, सपा, कांग्रेस और AIMIM समेत विपक्षी दलों का डेलिगेशन आज सहारनपुर जाने वाला है. इसमें अतुल प्रधान के अलावा कैराना सांसद इकरा हसन, मुजफ्फरनगर MP हरेंद्र मलिक समेत कई नेता शामिल हैं. इससे पहले शहर में जगह-जगह अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाए गए. पोस्टर में 7 सितंबर 2013 को हुए मुजफ्फरनगर दंगों की तस्वीरें लगी थीं.

शनिवार को 16 घंटे बुलडोजर चलाकर मस्जिद ढहाई गई थी. रविवार सुबह जब मलबा हटाया गया तो नीचे कुआं मिला. यह 20 फीट गहरा और डेढ़ मीटर चौड़ा है. पुलिस ने इसे लोहे की चादर से ढंक दिया है, ताकि मलबा अंदर न जाए. कुआं कितना पुराना है? इसका पता लगाने के लिए प्रशासन ने ASI को बुलाया है.

मौके पर भारी फोर्स तैनात है. बैरिकेडिंग करके किसी को वहां जाने नहीं दिया जा रहा है. मस्जिद की शिकायत करने वाले विकास त्यागी ने दावा किया- यहां पहले मंदिर रहा होगा. उसे तोड़कर मस्जिद बनाई गई. जांच होनी चाहिए। मुस्लिम धर्मगुरुओं और मस्जिद पक्ष का दावा है कि मस्जिद करीब 100 साल पुरानी थी. 70 साल पुराने वक्फ के दस्तावेजों में इसका जिक्र है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *