अंडरवियर में छिपाकर ला रहा था 70 लाख का सोना, पेस्ट बनाकर कमरबंद की तरह बांध रखा था

Spread the love

लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने एक यात्री के पास से करीब 70 लाख रुपए का सोना बरामद किया है. बुधवार को कस्टम अधिकारियों ने शारजाह से आए एक यात्री को लंगड़ाकर चलते हुए देखा. जब वे उससे पूछताछ करने पहुंचे, तो वह घबरा गया और गोलमोल जवाब देने लगा.

अधिकारियों ने तलाशी ली तो पता चला कि यात्री ने 472.100 ग्राम सोना पेस्ट के रूप में प्लास्टिक के पैकेट में भरकर अंडरवियर के अंदर छिपा रखा था. उसने पैकेट को कमरबंद की तरह बांध रखा था, ताकि किसी को शक न हो। बरामद सोने की कीमत 70 लाख 81 हजार 500 रुपये आंकी गई है.

अधिकारियों ने सोना जब्त कर यात्री को हिरासत में ले लिया है. उसकी पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी केदार महतो के रूप में हुई है. उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किसके इशारे पर सोना लखनऊ लाया और यहां किसे डिलीवरी देने वाला था.

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, शारजाह से इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-1424 बुधवार सुबह 7:20 बजे लखनऊ पहुंची. इसके बाद कस्टम डिपार्टमेंट की टीम यात्रियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान स्क्रीनिंग के समय केदार महतो की हरकत संदिग्ध लगी. अधिकारियों ने उसे लाइन से अलग कर दिया और दूर एक कमरे में ले गए। जहां उसकी तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उसके अंडरवियर की कमरबंद में छिपाकर रखी गई प्लास्टिक की पन्नी मिली. उसे खोलने पर पेस्ट के रूप में भरा सोना बरामद हुआ.

पूछताछ में वह सोने के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. उसके पास सोने से जुड़े कोई दस्तावेज भी नहीं मिले। फिर कस्टम सोना जब्त कर केदार को विभागीय मुख्यालय ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों को आशंका है कि यात्री बिना सीमा शुल्क चुकाए सोना छिपाकर लाया था. उसके जरिए सोने की तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश भी की जा रही है. फिलहाल मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *