योगी ने अतीक के इलाके ‘कसारी-मसारी’ का नाम बदला, किया भूमिपूजन; गरीबों के लिए 602 फ्लैट बनेंगे

Spread the love

CM योगी ने माफिया अतीक अहमद के इलाके कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्ण पुरी करने का ऐलान किया. योगी ने गुरुवार को प्रयागराज में कहा कि कसारी-मसारी नाम कसाइयों वाला लगता था. इसके साथ ही सीएम योगी ने अतीक और उसके गुर्गों के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर बनने वाले फ्लैटों का भूमिपूजन किया.

योगी ने कहा- “अब सरकार माफिया की जमीन पर गरीबों के आशियाने बना रही है. कभी माफिया अतीक-अशरफ जिस जमीन पर पैर रखते थे, वह उनकी हो जाती थी. प्रदेश सरकार उनके सामने घुटने टेक देती थी.”

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की 9,811 वर्गमीटर की इस आवासीय परियोजना में 14 मंजिला बिल्डिंग बनाई जाएगी. इसमें कुल 602 फ्लैट होंगे. हर फ्लैट में 2 बेडरूम, हॉल और किचन होगा.

एक फ्लैट का एरिया 56.45 वर्गमीटर रहेगा. इसके साथ पार्किंग, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग और सोलर सिस्टम की व्यवस्था भी है. इसके अलावा स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल और कामर्शियल कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं भी रहेंगी.

जहां अतीक घोड़े रखता था, वहां गरीबों के घर बनेंगे: करीब 9,811 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली इस जमीन पर अब पीडीए पद्मलोक आवास योजना विकसित करेगा. यहां 14 मंजिला अपार्टमेंट बनाया जाएगा, जिसमें दो बेडरूम, हॉल और किचन (2 बीएचके) वाले कुल 602 फ्लैट प्रस्तावित हैं. कभी जिस जमीन का इस्तेमाल अतीक अपने घोड़ों को रखने और बेटों को घुड़सवारी सिखाने के लिए करता था, वहां अब लोगों के लिए घर तैयार किए जाएंगे.

मुस्लिमों की गद्दी बिरादरी का गढ़ है कसारी-मसारी: कसारी-मसारी प्रयागराज के पुराने मोहल्लों में से एक है. माफिया अतीक अहमद का गढ़ यही मोहल्ला था. उसका घर भी पहले इसी मोहल्ले में था, जो बाद में चकिया मोहल्ले के नाम से जाना जाने लगा. कसारी-मसारी मोहल्ले के ही कब्रिस्तान में अतीक और अशरफ के साथ उसके पिता को भी दफनाया गया था. कसारी-मसारी में अतीक की कई पुश्तैनी जमीनें थीं. इसके साथ ही उसके तमाम रिश्तेदार भी इसी मोहल्ले में रहते थे. यह गांव मुस्लिमों की गद्दी बिरादरी का गढ़ माना जाता है. अपनी पुश्तैनी जमीनों पर गद्दी बिरादरी के लोगों ने प्लॉटिंग की, जिन्हें बहुत से हिंदुओं खरीदा और मकान बनवाकर रहने लगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *