वाराणसी के सारनाथ में अवैध पटाखा फैक्टरी में जबर्दस्त धमाका, दो मकान क्षतिग्रस्त; मलबे में 6 दबे

Spread the love

UP के वाराणसी में सारनाथ के पचकोशी स्थित पैगंबरपुर इलाके में बृहस्पतिवार शाम अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्टरी में तेज धमाका हो गया. विस्फोट इतना भीषण था कि मकान जमींदोज हो गया. मलबे में पटाखा कारोबारी राजू खान और उसके परिवार के करीब छह लोगों के दबने की सूचना मिली. धमाके से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरातफरी मच गई.

घटना की सूचना मिलते ही सारनाथ पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई. राहत और बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं, शाम 5:40 बजे तक राजू खान की मां मलबे में दबी हुई थीं. उन्हें निकालने के लिए बचाव दल सर्च ऑपरेशन चला रहा था.

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राजू खान के मकान के बगल में स्थित दूसरे मकान का बाहरी हिस्सा भी ढह गया. विस्फोट के बाद आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई. मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मकान में पटाखों की मौजूदगी और दोबारा विस्फोट की आशंका को देखते हुए बचाव कार्य के दौरान सतर्कता बरती जा रही थी.

एटीएस की टीम भी मौके पर पहुंची: घटना की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जानकारी के अनुसार, मकान में पटाखे बनाने का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ और पूरी इमारत ढह गई. हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

सुरक्षा मानकों की पड़ताल: बताया गया कि राजू खान करीब 25 वर्षों से पैगंबरपुर इलाके में रह रहा था. उसके मकान के पीछे उसके बड़े भाई सलीम का घर है। दोनों भाई पटाखों के कारोबार से जुड़े थे. घटना के बाद पुलिस और अन्य एजेंसियां विस्फोट के कारणों, पटाखा निर्माण की गतिविधियों और सुरक्षा मानकों की पड़ताल में जुट गईं. हादसे में हुए नुकसान और घायलों की स्थिति का आकलन किया जा रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *