कानपुर में बड़े भाई ने सिर कूचकर छोटे को मार डाला, तखत पर सोने को लेकर झगड़ा हुआ

Spread the love

कानपुर में मंगलवार देर रात एक तखत पर सोने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। दोनों भाई मेला देखकर घर लौटे थे और नशे की हालत में थे. छत पर एक ही तखत पर सोने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इस दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर ईंट से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई.

बुधवार सुबह छत पर युवक का लहूलुहान शव मिला तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की और बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया.

मेला देखकर लौटे, तखत पर सोने को लेकर हुआ विवाद: दर्शनपुरवा निवासी 35 वर्षीय शिवकुमार उर्फ बल्लू कश्यप फैब्रिकेटिंग का काम करता था, जबकि उसका बड़ा भाई सतीश उर्फ बच्ची पेंटिंग और पुताई का काम करता है. दोनों के माता-पिता का निधन हो चुका है.

दोनों की पांच बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. सतीश की नंदिनी से शादी हुई थी उसकी एक बेटी भी है, लेकिन उसकी गलत आदतों के चलते पांच साल पहले पत्नी छोड़कर चली गई थी.

बल्लू के चचेरे भाई वीरेंद्र कुमार कश्यप ने बताया कि मंगलवार शाम दोनों भाई मेला देखने गए थे. वहां से देर रात नशे की हालत में घर लौटे. घर पहुंचने के बाद छत पर पड़े एक ही तखत पर सोने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई बच्ची ने ईंट से बल्लू के सिर पर वार कर दिया. सिर बुरी तरह कुचल जाने से उसकी मौत हो गई.

पहले दूसरे पर लगाया हत्या का आरोप, पूछताछ में कबूला जुर्म: बुधवार सुबह लोगों ने छत पर बल्लू को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी. इसके बाद फजलगंज थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय और एसीपी ज्योति श्री पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचीं.

टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की, जिसके बाद बल्लू के बड़े भाई बच्ची को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले उसने मकान के विवाद में अपनी बुआ के बेटे पर हत्या करने का आरोप लगाया.

इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और नशे की हालत में तखत पर सोने को लेकर हुए विवाद के दौरान छोटे भाई की हत्या करने की बात स्वीकारी.

डीसीपी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नशे की हालत में तखत पर सोने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे की सिर कुचलकर हत्या की हत्या की है आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *