UP में विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो गया है जिसमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं. 4 बजे तक 64.24% मतदान हुआ. मतदान के दौरान कई जिलों से सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के भिड़ने और बवाल की घटनाएं सामने आयीं है.
सपा का आरोप हैं कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने फर्जी वोटिंग की है. इसको लेकर सोशल मीडिया पर सपा ने कई तरह के आरोप लगाए हैं. फतेहपुर, फतेहाबाद, मुजफ्फरनगर, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई जिलों में सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक हुई है. 4 बजे तक 64.24% मतदान हुआ. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा के सैफई में वोट डाला. कुल 14.18 लाख मतदाता 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. 72 जिलों में मतदान हुआ.
अखिलेश यादव ने इटावा में वोट डाला: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए इटावा के ब्लॉक विकास अधिकारी कार्यालय में अपना वोट डाला. मतदान ने बाद उन्होने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव का जो चुनाव हो रहा है इसके लिए मैं सभी मतदाताओं से अपील कर रहा हूं क्योंकि आपके वोट से लोकतंत्र बचेगा. जहां पर ये सरकार दावा करता रहा कि निष्पक्ष चुनाव होगा. बहुत सारे जगह पर भाजपा के लोग निराश है जिस तरह से मतदान हो रहा है उससे भाजपा निराश हो गए हैं कई जिलों से सूचना मिली है कि जहां पर सपा के लोग मतदान करने जा रहे हैं तो उन्हें रोकने के लिए भाजपा के गुंडे या फिर भ्रष्ट अधिकारी को आगे कर दिया है. तो ये शिक्षक का चुनाव है. ये व्यवहार ये आम चुनाव में करें. लेकिन आम जनता इनके खिलाफ है और एक-एक मतदान करके इन्हें हटाने का काम करेंगे
मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने डाला वोट, सपा को घेरा: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार को इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन में जिला परिषद उरई में बने मतदान केंद्र पर मतदान किया. मतदान के बाद उन्होंने भाजपा की जीत का दावा करते हुए सपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन का सदन महत्वपूर्ण है, जहां शिक्षकों और स्नातकों की समस्याओं को उठाकर समाधान कराया जाता है. सपा के हार के दावों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि जनता मन बना चुकी है और भाजपा शानदार जीत दर्ज करेगी. सपा सरकार के समय बिजली संकट, गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की समस्याएं थीं. मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और रोजगार के अवसर बढ़े हैं. उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या, वृंदावन और चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थलों के विकास से यूपी की पहचान बढ़ी है.
फतेहपुर में फर्जी मतदान के आरोप, पुलिस से झड़प: इलाहाबाद झांसी खंड स्नातक चुनाव में बहुआ ब्लाक के बूथ संख्या 143 और 144 पर फर्जी मतदान को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। सपा प्रत्याशी मान सिंह के समर्थकों ने भाजपा समर्थकों पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और मामले की जानकारी ली। घटना के बाद मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई.
आगरा के फतेहाबाद में मत पत्र छीनने का आरोप: आगरा खंड शिक्षक और स्नातक के चुनाव में मतदान के दौरान फतेहाबाद के खंड विकास कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बूथ नंबर 45 और 26 से मत पत्र छीनने का आरोप लगायE। बूथ पर लगभग 15 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, डीसीपी अभिषेक अग्रवाल और एडीएम वित्त और राजस्व संदीप वर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इधर जिले के अन्य मतदान केंद्रों पर अभी तक मतदान शांतिपूर्ण हो रहा है
बिजनौर में सपा ने का फर्जी वोटिंग का आरोप: बिजनौर के राजकीय इंटर कॉलेज में एमएलसी चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश ने फर्जी मतदान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाहर रहने वाले शिक्षकों के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर फर्जी वोट डाले जा रहे हैं। प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उनके पोलिंग एजेंट को एएसपी सिटी ने बाहर बैठा दिया। इसको लेकर मतदान स्थल पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। सपा प्रत्याशी के आरोपों के बाद मतदान केंद्र पर हलचल देखने को मिली।
मुजफ्फरनगर में फर्जी वोट को लेकर मंत्री कपिल देव से भिड़े सपा जिलाध्यक्ष: मुजफ्फरनगर में शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान शुक्रवार को शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर फर्जी वोट को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर कहासुनी और बहस हुई। विवाद बढ़ने पर भाजपा और सपा समर्थक भी भिड़ गए। मतदान केंद्र पर हंगामे के बीच सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने भीड़ को खदेड़कर स्थिति संभाली।
घटना की सूचना पर डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी सूरज कुमार राय भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने आरोप लगाया कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल फर्जी तरीके से खुद को एजेंट बताकर मतदान केंद्र के कमरे में बैठने और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे थे। वहीं, मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह मतदान करने पहुंचे थे और उनके साथ शिक्षक एवं स्नातक मतदाता भी वोट डालने आए थे। उन्होंने किसी तरह का विवाद होने से इनकार किया।
















Leave a Reply