आगरा में सपा MLC प्रत्याशी फूट-फूटकर रोए, बोले- मुसलमान बन जाऊंगा, मेरे साथ आतंकी जैसा सलूक

Spread the love

आगरा-अलीगढ़ शिक्षक MLC सीट से सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल शुक्रवार को फूट-फूटकर रोने लगे. वोटिंग में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा- मेरे समर्थकों को परेशान किया जा रहा है. अधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता कर रहे हैं. शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है.

आकाश अग्रवाल ने कहा- “ऐसा लग रहा है कि मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं. मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है. मैं ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहता हूं. अगले महीने लखनऊ की शाही ईदगाह जाकर इस्लाम कबूल कर लूंगा.”

सपा प्रत्याशी ने कहा कि उन्हें हार-जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने कहा कि वह आजाद भारत में रह रहे हैं और किस पार्टी से चुनाव लड़ना है, इसका फैसला वह खुद करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग अब भी हो रही है.

शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक MLC चुनाव के लिए वोटिंग हुई. सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने खेरागढ़ में पीठासीन अधिकारी के खाना खाने के दौरान सभी को बाहर निकालने का आरोप लगाया.

उन्होंने छाता बूथ पर भी बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया. उनका कहना था कि अधिकारियों की ओर से कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की जा रही है.

दोपहर करीब 3 बजे आकाश अग्रवाल बूथ कैप्चरिंग की शिकायत लेकर मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप से मिलने पहुंचे. यहां उन्होंने कहा, मैंने बूथ कैप्चरिंग की शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

समर्थक स्कूल प्रबंधकों को पुलिस और प्रशासन द्वारा प्रताड़ित किए जाने पर आकाश अग्रवाल भावुक हो गए. उन्होंने कहा- जिन सनातन के रखवालों और रक्षकों के कारण मुझे परेशान किया जा रहा है, मैं ऐसे सनातन में रहना नहीं चाहता हूं. मैं अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में अपना धर्म परिवर्तन कराऊंगा.

उन्होंने यह भी कहा कि किस पार्टी से चुनाव लड़ना है और किस धर्म में रहना है, यह उनका अधिकार है. अग्रवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव लड़ने के कारण उनके और उनसे जुड़े स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

‘मुझे ऐसा लगता है, जैसे पाकिस्तान से आया आतंकवादी हूं’: आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उन्हें और उनके साथियों को परेशान किया गया. उनके मुताबिक, 12 जिलों में शिक्षक साथियों और स्कूल प्रबंधकों को परेशान किया गया. उनकी वजह से 100 से ज्यादा स्कूलों में पुलिस पहुंची.

आकाश ने कहा, “मुझे ऐसा महसूस होने लगा है, जैसे मैं पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं. ये चाहेंगे तो मेरे पास ड्रग्स या हथियार रखकर भी मुझे अंदर करवा सकते हैं.” उन्होंने कहा कि अगर उन्हें पहले पता होता कि चुनाव लड़ने पर उनके साथियों को इतनी परेशानी होगी, तो वह चुनाव ही नहीं लड़ते.

‘मुझे आजीवन कारावास दे दें, लेकिन साथियों को परेशान न करें’: आकाश अग्रवाल ने कहा कि सरकार चाहे तो उन्हें जेल भेज दे, लेकिन उनके परिवार और शिक्षकों को परेशान करना बंद करे. उन्होंने कहा, “मुझे जेल में डालना है तो मैं अभी यहीं से चला जाता हूं. आजीवन कारावास दे दें, लेकिन मेरे साथियों को परेशान करना बंद करें.”

उन्होंने अधिकारियों पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाया. आकाश ने कहा कि उन्हें MLC बनने का कोई लालच नहीं है. वह पहले भी अपने साथियों के साथ थे और आगे भी उनके साथ खड़े रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *