हमें आरोपियों का एनकाउंटर चाहिए, बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल के परिवार ने मांगा इंसाफ

Spread the love

बहराइच हिंसा में मारे गए रामगोपाल मिश्रा के परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात से पहले कहा कि हमें आरोपियों का एनकाउंटर चाहिए. मृतक रामगोपाल की पत्नी ने कहा कि जैसे मेरे पति को मारा गया, वैसे ही उन्हें भी मारा जाए. हमें सीएम से और कुछ नहीं चाहिए. 

जब उनसे पूछा गया कि आपको लगता है कि क्या सीएम योगी से न्याय मिलेगा तो उन्होंने कहा कि ये तो हमें जाकर ही पता चलेगा कि न्याय करते हैं या नहीं. हमें तो खून के बदले खून चाहिए. वहीं जब उनसे पूछा गया कि पुलिस ने जो कार्रवाई की है, आप उससे संतुष्ट हैं या नहीं तो इस पर रोली मिश्रा ने कहा कि हम पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं. जब तक उन लोगों को सजा नहीं मिलती, उनका भी इस तरह से खून नहीं बहता, तबतक हम संतुष्ट नहीं होंगे. वहां जाकर देखते हैं. उनको जब सजा मिलेगी तो हमारे पति को शांति मिल जाएगी. हम लोगों को भी मिल जाएगी और कुछ नहीं चाहिए.

हमें गिरफ्तारी नहीं, एनकाउंटर चाहिए: परिजन

वहीं परिवार के एक सदस्य ने कार में बैठते हुए कहा कि हमें न्याय मिलना चाहिए. हमने देखा कि उसकी हालत क्या थी. उस दौरान मेरे साथ कोई और नहीं था. न पुलिस और न ही कोई और. पूरी लापरवाही पुलिस की रही. उन्होंने आगे पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन और एसओ की लापरवाही नहीं होती तो कुछ नहीं होता. अगर लाठीचार्ज नहीं होता तो कुछ नहीं होता. कार्रवाई तो होनी चाहिए. हम गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं है. हमें उसका एनकाउंटर चाहिए. 

मृतक रामगोपाल की मां ने क्या कहा?

इससे पहले रामगोपाल की मां ने रोते हुए कहा कि मेरा बेटा तो चला गया, अब हम क्या करेंगे. हमें बस न्याय मिलना चाहिए. जैसे बेटे को मारा गया है, वैसी उनको (हत्यारों) सजा मिले. वहीं, रामगोपाल के भाई ने कहा कि सीएम योगी से मिलने जा रहे हैं, उनको पूरी बात बताएंगे. क्या हुआ, कैसे हुआ, साथ ही क्या हमारी मांग है. फिलहाल, हम पुलिस की कार्रवाई से खुश नहीं हैं. पुलिसवालों की लापरवाही का ही ये नतीजा है. मै वहीं मौजूद था जब हत्या हुई थी. हमें दोषियों का एनकाउंटर चाहिए. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *