ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी डीलर की फॉर्च्यूनर में जिंदा जलकर मौत: दोस्तों पर हत्या का आरोप, 2 हिरासत में

Spread the love

UP के ग्रेटर नोएडा में एक फॉर्च्यूनर में भीषण आग लग गई, जिसमें जलकर एक युवक की मौत हो गई. गाड़ी सड़क से करीब 100 मीटर अंदर की ओर मिली है, जिसकी वजह से कार में आग लगाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.

ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के कोट पुल नगला के पास एक फॉर्च्यूनर कार में भीषण आग लग गई. गाड़ी के अंदर बैठे युवक की आग में जलकर मौत हो गई. जब गाड़ी से आग की लपटें निकलीं तो स्थानीय लोगों ने वहां पहुंचकर युवक को फॉर्च्यूनर से निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसे बाहर नहीं निकाल पाए और उसकी मौत हो गई. 

गाजियाबाद का रहने वाला था प्रॉपर्टी डीलर

 जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान संजय यादव के रूप में हुई है, जोकि प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था. वह गाजियाबाद के नेहरू नगर का रहने वाला था. चूंकि फॉर्च्यूनर सड़क से 100 मीटर अंदर की ओर खड़ी हुई है, जिसकी वजह से संजय की हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.

परिजनों का आरोप है कि संजय यादव का गहनों को लेकर दोस्तों से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से उन्होंने ही संजय को जिंदा जलाकर मार डाला. वहीं इसको लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि नाम सामने आने के बाद आगे और भी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. 

फॉर्च्यूनर का रजिस्ट्रेशन गाजियाबाद का है

फॉर्च्यूनर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन भी गाजियाबाद का ही है. कार का नंबर है- UP14GC3609. इस घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें घटनास्थल के पास खड़े लोगों को कहते हुए सुना जा सकता है कि इस कार में आग लगाई गई है. एक व्यक्ति कह रहा है कि कार में आग लगाने के बाद ही घटना को अंजाम दिया है. वहीं दूसरा व्यक्ति कह रहा है कि आग लगाकर गाड़ी के अंदर पेट्रोल फेंका है, जिसकी वजह से व्यक्ति समेत कार जलकर खाक हो गई. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *