अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारी भरकम टैरिफ लगाए जाने के बाद भारत ने कड़ा ऐक्शन लिया है. नई दिल्ली ने अमेरिका से खरीदे जाने वाले नए हथियारों और विमानों की खरीद पर रोक लगा दी है. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का दौरा भी रद्द कर दिया गया है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने मामले से जुड़े तीन भारतीय अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी देते हुए कहा है कि अभी अमेरिकी खरीद को रोक दिया गया है.
इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले दो लोगों के अनुसार, भारत आने वाले दिनों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को कुछ खरीदों के ऐलान के लिए अमेरिका भेजने की तैयारी कर रहा था, लेकिन अब यह दौरा रद्द कर दिया गया है. पिछले दिनों ट्रंप ने भारत पर पहले 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया, लेकिन छह अगस्त को इसे बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया. अमेरिका भारत द्वारा रूस से लगातार खरीदे जा रहे तेल की वजह से नाराज है और वह इसे रोकने के लिए कह रहा है. भारत ने भी साफ किया है कि जो फैसले देश हित में होंगे, वह उसे उठाता रहेगा.
हालांकि, एक सूत्र ने बताया है कि अगर भारत को टैरिफ और द्विपक्षीय संबंधों की दिशा के बारे में स्पष्टता मिलती है तो यह रक्षा खरीद फिर आगे बढ़ सकती है, लेकिन ऐसा जल्दी होने की उम्मीद नहीं है. मालूम हो कि ट्रंप का टैरिफ पर रुख लगातार बदलता रहा है. कभी भारत को वह अपना करीबी दोस्त बताते हैं तो अचानक तेल आयात पर भारत से नाराज हो जाते हैं. दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर भी चर्चा चल रही है. अगर भारत के पक्ष में चीजें होती हैं तो खरीद को लेकर रुख बदल सकता है.
टैरिफ की वजह से जनरल डायनेमिक्स लैंड सिस्टम्स द्वारा निर्मित स्ट्राइकर लड़ाकू वाहनों और रेथियॉन व लॉकहीड मार्टिन द्वारा विकसित जैवलिन एंटी-टैंक मिसाइलों की भारत द्वारा खरीद रोक दी गई है. दो लोगों ने बताया कि राजनाथ सिंह अपनी अब रद्द हो चुकी यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के लिए छह बोइंग P8I टोही विमानों और सहायक प्रणालियों की खरीद की घोषणा करने की भी योजना बना रहे थे. अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित 3.6 अरब डॉलर के सौदे में विमान की खरीद पर बातचीत अंतिम चरण में थी. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि खरीद को रोकने के लिए कोई लिखित में आदेश नहीं दिया गया है. इससे भविष्य में भारत के पास रुख बदलने का भी विकल्प है. हाल के वर्षों में अमेरिका के साथ घनिष्ठ साझेदारी बनाने वाले भारत ने कहा है कि उसे अनुचित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है.













Leave a Reply