अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेहत को लेकर एक बार फिर पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है. हाल ही में जब ट्रंप ओवल ऑफिस में कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर कर रहे थे, उस समय उनके दाहिने हाथ पर गहरा काला-नीला निशान देखा गया. यह निशान पहले मेकअप से छिपाया गया था, लेकिन इस बार बिना मेकअप के साफ दिखाई दिया. इस घटना ने सोशल मीडिया पर तूफान मचा दिया है, और लोग उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं. आइए, जानते हैं इस खबर की पूरी सच्चाई-
निशान को ढक रहे थे ट्रंप: सोमवार को ट्रंप ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपने बाएं हाथ से दाहिने हाथ को ढकने की कोशिश की, लेकिन कई बार यह निशान साफ दिख गया. दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे मायुंग की मेजबानी के दौरान भी यह निशान नजर आया. पिछले कुछ महीनों में ट्रंप के इसी हाथ पर बार-बार ऐसा निशान देखा गया है, जिसे वह कभी-कभी मेकअप से ढक लेते हैं.
डॉक्टर ने बताया बिल्कुल फिट ट्रंप: व्हाइट हाउस और ट्रंप के डॉक्टर सीन बारबाबेला का कहना है कि 79 साल के ट्रंप पूरी तरह स्वस्थ हैं. उनके मुताबिक, यह निशान बार-बार हाथ मिलाने और एस्पिरिन दवा के इस्तेमाल से हुआ है. डॉक्टर ने कहा, “यह निशान लगातार हाथ मिलाने और एस्पिरिन के साइड इफेक्ट की वजह से है, जो हृदय की सुरक्षा के लिए लिया जाता है. यह सामान्य और हल्का प्रभाव है.”
सोशल मीडिया पर अटकलें: व्हाइट हाउस के इस जवाब से कई लोग संतुष्ट नहीं हैं. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स का दावा है कि ट्रंप को शायद IV ट्रीटमेंट या बार-बार ब्लड टेस्ट की जरूरत पड़ रही है, जिससे यह निशान हो सकता है. कुछ ने तो यह तक कहा कि यह गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है, जैसे हृदय की समस्या. एक एक्स पोस्ट में यूजर ने लिखा, “यह निशान IV डायुरेटिक्स की वजह से हो सकता है, जो हृदय की गंभीर बीमारी के लिए दिए जाते हैं.” हालांकि, यह सिर्फ अटकलें हैं और कोई ठोस सबूत नहीं है.
क्रॉनिक वेनस इन्सफिशिएंसी का खुलासा: ट्रंप ने हाल ही में बताया कि उन्हें “क्रॉनिक वेनस इन्सफिशिएंसी” (CVI) की समस्या है. यह एक ऐसी स्थिति है, जिसमें पैरों की नसें ठीक से काम नहीं करतीं, जिससे सूजन और दर्द होता है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा, “ट्रंप के पैरों में हल्की सूजन देखी गई थी, जिसके बाद अल्ट्रासाउंड से इस बीमारी का पता चला. यह 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में आम है.” लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह समस्या उनके हाथ के निशान से अलग है.
ट्रंप की सेहत पर पुरानी चर्चा: ट्रंप की सेहत लंबे समय से चर्चा का विषय रही है. 2015 में उनके डॉक्टर ने दावा किया था कि वह “राष्ट्रपति बनने वाले सबसे स्वस्थ व्यक्ति” हैं, लेकिन बाद में पता चला कि यह बयान ट्रंप ने खुद लिखवाया था. 2020 में कोविड-19 के दौरान भी उनकी बीमारी की गंभीरता को कम करके बताया गया था. इन घटनाओं ने उनकी सेहत को लेकर जनता का भरोसा कम किया है.
गंभीर बीमारी की अभी तक पुष्टि नहीं: लेकिन अभी जिस तरह चर्चा हो रही है, उस हिसाब से माना जाए तो व्हाइट हाउस के मुताबिक, ट्रंप की सेहत ठीक है, और हाथ का निशान मामूली है. लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों ने इस मुद्दे को और हवा दी है. फिलहाल, कोई ठोस सबूत नहीं है कि ट्रंप किसी “भयंकर बीमारी” से जूझ रहे हैं. उनकी सेहत को लेकर पारदर्शिता की कमी ही इन अफवाहों का मुख्य कारण है.














Leave a Reply