UP के बांदा जिले में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने ऐसा कहर बरपाया कि कुछ ही मिनटों में छह लोगों की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया. घटना बिसंडा थाना क्षेत्र की है, जहां हालात को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक, घूरी गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक रामेश्वर (61) शाम के समय बीआरसी से साइकिल से अपने घर लौट रहे थे. तभी खुरहंड की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
टक्कर मारने के बाद ट्रक पलटा: प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला. लोगों ने पीछा करना शुरू किया तो चालक ने ट्रक की रफ्तार और बढ़ा दी. करीब दो किलोमीटर आगे ओरन रोड पर ट्रक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से सीधी भिड़ंत हो गई.
मरनेवालों का ब्यौरा: टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कोर्रही गांव की ममता (48), राकेश (45), शहबाज (12) और मुबीन (40) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं सोहनलाल (50), उनकी पत्नी बौरी (49), बेटी शिवकली (17), शबाना (40) और उसकी तीन महीने की बेटी साफिया गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया. अस्पताल में अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है.
घटना के बाद चालक फरार: घटना के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया.
घटना पर प्रशासन का बयान: जिलाधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि ट्रक चालक पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारकर भाग रहा था. इसी दौरान ट्रक बेकाबू होकर ई-रिक्शा से भिड़ गया, जिससे कई लोगों की मौत हो गई. सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.















Leave a Reply