हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस रेलिंग तोड़ 20 फीट नीचे गिरी, 36 घायल; 12 की हालत गंभीर

Spread the love

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर बीतीरात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब सिद्धार्थनगर के बांसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस पचदेवरा थाना क्षेत्र के भाहपुर सपहा गांव के पास अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में छह बच्चों समेत 36 यात्री घायल हो गए, जबकि 12 की हालत गंभीर बनी हुई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,हादसे के बाद एक्सप्रेसवे के नीचे दर्द, चीख और मदद की पुकार का भयावह मंजर था. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू कराया. पुलिस, एंबुलेंस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।सभी घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

बस में सवार एडवोकेट विनय कुमार यादव ने बताया कि बस में करीब 100 यात्री मौजूद थे. उनका आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था. इसी बीच बस अचानक अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी. हादसे के बाद बस के भीतर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग सीटों व सामान के बीच फंस गए।राहत टीम ने एक-एक कर घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए. प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि हादसा रात करीब दो बजे हुआ. पुलिस बस में सवार यात्रियों की वास्तविक संख्या, चालक की लापरवाही और दुर्घटना की वजहों की गहराई से जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *