हरदोई में ट्रक से टकराकर फर्रुखाबाद से आ रही रोडवेज बस पलटी, बाल-बाल बचे 46 यात्री

Spread the love

UP में हरदोई के कटरा-विल्हौर हाईवे पर कन्हारी गांव के पास फर्रुखाबाद से आ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पहले खड़े ट्रक से टकराई और फिर पलट गई. बस में 46 यात्री सवार थे.

बुधवार दोपहर यहाँ सवायजपुर थाना क्षेत्र के कन्हारी गांव के सामने फर्रुखाबाद से हरदोई आ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई और फिर पलट गई. हादसे के समय बस में 46 यात्री सवार थे.राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई,हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,बस जैसे ही कन्हारी गांव के पास एक ढाबे के सामने पहुंची,चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा.तेज रफ्तार बस पहले ढाबे के बाहर खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.टक्कर के बाद बस सड़क किनारे पलट गई. हादसे के तुरंत बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया.

ग्रामीणों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई.सूचना पर सवायजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार और रूपापुर चौकी प्रभारी अतुल गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से चले गए.पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *