आज पुरुषोत्तम महीने का 19 वां दिन है. आज पूरे दिन चतुर्थी तिथि व्याप्त रहेगी, लेकिन चंद्रोदय समय कल होने के कारण व्रत 3 जून को रखा जा चुका है. आज 4 जून, गुरुवार को देर रात पंचमी तिथि प्रारंभ होगी. वहीं उत्तराषाढ़ा नक्षत्र रहेगा. साथ ही शुक्ल योग और उसके बाद ब्रह्म योग रहेगा.
धार्मिक मान्यतानुसार, पुरुषोत्तम मास के गुरुवार के दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना करने, दान करने और उपाय करने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है. इसके अलावा इस दिन किए गए कुछ उपायों से दुर्भाग्य दूर होते हैं, जीवन में शुभता आती है और धन-ऐश्वर्य में बढ़ोतरी होती है. अगर आप भी पुरुषोत्तम मास 19वें दिन बनने वाले शुभ संयोग का लाभ प्राप्त करना चाहते हैं, तो कुछ काम नोट कर लें.
केले की पूजा: बृहस्पतिवार का व्रत रखने वाले इस दिन केले के वृक्ष की पूजा जरूर करें. पूजन के क्रम में केले की जड़ में कुछ मात्रा में चने की दाल, पीला फूल, पीला चंदन डालते हुए पीले रंग का कलावा बांधे. इतना करने के बाद भगवान विष्णु से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करें. गुरुवार का व्रत ना रखने वाले भी इस उपाय को कर सकते हैं.
विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ: पुरुषोत्तम मास के 19वें दिन घर के पूजन स्थल पर बैठकर विष्णु सहस्त्रनाम का कम से कम एक आवृत्ति पाठ जरूर करें. इस पाठ को करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होकर मनोकामना पूर्ण करते हैं.
पीली वस्तुओं का दान: भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए गुरुवार को पीली वस्तुओं का दान विशेष महत्व रखता है. इस दिन केला, पीली हल्दी, पीली सरसों, पीले रंग के वस्त्र, पीले रंग की मिठाई इत्यादि का दान करने से विशेष लाभ होगा. दान की सामग्री किसी मंदिर में पुजारी को भेंट करें. अगर ऐसा करने से असमर्थ हैं तो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को दें.
व्रत कथा का पाठ: पुरुषोत्तम मास में पड़ने वाले गुरुवार को बृहस्पति देव की व्रत कथा का पाठ करें या सुनें. मान्यतानुसार, ऐसा करने से श्रीहरि की विशेष कृपा बनी रहती है. साथ ही जीवन के दुर्भाग्य दूर होते हैं.
बृहस्पति देव के 3 प्रभावशाली मंत्र
“ॐ बृं बृहस्पतये नमः”
“ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं सः गुरवे नमः”
“ॐ नमो भगवते वासुदेवाय”
ये तीनों मंत्र भगवान विष्णु की कृपा पाने के लिए अत्यंत खास माने गए हैं. ऐसे में आप इनमें से किसी एक मंत्र का कम से कम 27 बार जाप जरूर करें. मंत्र के प्रभाव से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है. साथ ही अगर कोई मनोकामना है, तो वह भी पूर्ण होता है.
















Leave a Reply