कानपुर के हरबंश मोहाल में होटल व्यवसायी का बेटा घर की चौथी मंजिल से गिरा, मौत

Spread the love

कानपुर में हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र के दौलतगंज में सोमवार सुबह बनारस होटल के मालिक का बेटा घर की चौथी मंजिल की खिड़की से नीचे सड़क पर जा गिरा. करीब 50 फीट नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन नाजुक हालत में आनन-फानन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई.

दौलतगंज निवासी अनिल शर्मा का कैनाल रोड पर बनारस होटल है. वह अपने चार भाई अजय शर्मा, विजय समेत अन्य भाइयों के साथ होटल और रेस्टोरेंट संभालते हैं. अजय का छोटा बेटा रोहन शर्मा (27) पिता के साथ होटल और रेस्टोरेंट का काम संभालता था. परिजन के मुताबिक, रोहन अक्सर ही घर की खिड़की पर बैठकर मंजन करता था. सोमवार सुबह करीब नौ बजे भी वह एक पैर खिड़की से बाहर निकालकर बैठा था. इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ने से वह करीब 50 फीट नीचे सड़क पर जा गिरा. गिरने की आवाज सुनकर राहगीरों ने घरवालों को सूचना दी.

परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. रोहन की शादी इसी साल फरवरी में पुरवा निवासी युवती से हुई थी. परिवार में मां गायत्री और बड़ा भाई रोहित हैं. हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के कारोबारी, प्रतिष्ठित और राजनैतिक लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी. हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार युवक खिड़की पर बैठा था, तभी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *