UP के मैनपुरी के 21 श्रद्धालुओं से भरी पिकअप मंगलवार तड़के हरियाणा में सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई. हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई. इनमें 3 महिलाएं हैं। 14 लोग घायल हुए हैं. सभी राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के बाद पिकअप से वृंदावन जा रहे थे.
हादसा पलवल में KMP एक्सप्रेस-वे पर हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग पिकअप से उछलकर सड़क पर जा गिरे. गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ. ड्राइवर ने पिकअप को लोहे के सरिए और जाल लगाकर डबल डेकर बनाया गया था. इससे उसकी ऊंचाई भी बढ़ गई थी.
धार्मिक अनुष्ठान के लिए निकले थे श्रद्धालु: मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के किशनपुर मुरैया, मकोया और चांदा गांव के लोगों ने रक्षाबंधन पर पिकअप किराए पर ली. 21 लोग पिकअप में सवार होकर धार्मिक अनुष्ठानों के लिए निकले. इन लोगों ने सोमवार शाम राजस्थान के खाटू श्याम और बालाजी के दर्शन किए थे.
इसके बाद उन्होंने मथुरा के वृंदावन में दर्शन करने की योजना बनाई. देर रात मथुरा के लिए निकल पड़े। मंगलवार सुबह जैसे ही पिकअप हरियाणा के पलवल जिले की सीमा में KMP एक्सप्रेस-वे पर पहुंची, उसकी टक्कर खड़े ट्रक से हो गई. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई.
राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी. सभी घायलों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश के रूप में हुई है. घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी शामिल हैं.
हादसे के बाद ट्रक-पिकअप के ड्राइवर फरार: हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पिकअप चालक सुधीर भी फरार बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है.
















Leave a Reply