तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर जलाया गया कार्तिगई दीपम… देखकर भावुक हुए श्रद्धालु, जमकर की आतिशबाजी

Spread the love

तमिलनाडु के मदुरई में स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को कार्तिगई दीपम जलाया गया. पहाड़ी पर बने पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर दीप जलाने की रस्म शाम 5 बजे पूरी हुई. चार दिन पहले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद यहां दीप नहीं जलाया गया था. इसके बाद मामला और बढ़ गया था.

शनिवार को दीप जलाने के लिए सिर्फ 50 श्रद्धालुओं को पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी गई. सुबह से ही पहाड़ी के नीचे बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे थे. कई श्रद्धालु अपने साथ दीप भी लेकर पहुंचे थे.

सुप्रीम कोर्ट की ओर से मंदिर का कामकाज संभालने के लिए नियुक्त मद्रास हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज एस वैद्यनाथन और वी पार्थिबन शनिवार को चेन्नई से मदुरै पहुंचे. दोनों जज पारंपरिक संगीत के साथ मिट्टी के दीप, बाती और घी लेकर पहाड़ी के नीचे पहुंचे. उन्होंने ये सामग्री मंदिर प्रशासन को सौंपी.

मंदिर में पूजा के बाद जजों ने तांबे का विशेष पात्र पुजारियों को दिया. इसे ‘कोप्परई’ कहा जाता है. पत्थर के स्तंभ के ऊपर इस पात्र को रखने के लिए कर्मचारियों ने अस्थायी मंच और मचान तैयार किया था.

दीप जलाने के लिए करीब 30 ग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती कपड़े की बाती और 5 किलो कपूर की व्यवस्था की गई थी. अधिकारियों और पुजारियों से बातचीत के बाद जस्टिस वैद्यनाथन ने शाम 5 बजे दीप जलाने का समय तय किया था. मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्ण, पुलिस अधिकारी और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे.

दीपथून पर जले दीपक को देख भावुक हुए श्रद्धालु: थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पवित्र दीपम जलाया गया. दीपक जलते ही वहां मौजूद श्रद्धालु खुशी से झूम उठे. कई श्रद्धालु भावुक भी हो गए. इस दौरान लोगों ने दीपम जलने पर खुशी जताई और इसे अपनी आस्था से जुड़ा खास पल बताया. दीपम जलते ही वहां ‘वेत्रीवेल, वीरवेल’ के जयकारे गूंजने लगे. श्रद्धालुओं ने भगवा गमछे लहराकर खुशी मनाई और दीपक जलने का जश्न मनाया.

पहाड़ी पर CRPF की सुरक्षा, दरगाह का रास्ता खुला रहा: शनिवार सुबह CRPF की एक कंपनी ने रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों के साथ पहाड़ी की सुरक्षा संभाल ली थी. पुलिस ने पहाड़ी के नीचे और स्तंभ तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की थी. पहाड़ी पर भीड़ जुटने के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और सुरक्षा कर्मियों के बीच प्रवेश को लेकर बहस भी हुई.

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मौके पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात की गई थीं. वीडियो में स्थानीय लोगों और हिंदू श्रद्धालुओं को CRPF के जवानों और उनके वाहनों पर फूल बरसाते देखा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *