करवा चौथ 29 अक्टूबर को ही, हो रहा शुक्र अस्त; जानें कब और कैसे होगी सुहाग सामग्री की खरीदारी

Spread the love

करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बहुत खास होता है. इस साल यह व्रत 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को रखा जाएगा. इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाल शादीशुदा जिंदगी के लिए व्रत रखती हैं. करवा चौथ से पहले महिलाएं व्रत की तैयारियां शुरू कर देती हैं. कोई पूजा का सामान खरीदता है, तो कोई चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी और नए कपड़े खरीदती हैं. लेकिन इस बार शुक्र ग्रह के अस्त होने के कारण कुछ महिलाएं सोच रही हैं कि करवा चौथ से पहले सुहाग का सामान खरीदना सही रहेगा या नहीं.

दरअसल, इस साल पंचक 25 अक्टूबर की शाम को खत्म हो गया हैं. वहीं, शुक्र ग्रह भी अस्त हैं. ऐसे में खरीदारी को लेकर लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं. ज्योतिषियों के अनुसार, शुक्र अस्त होने के कारण करवा चौथ की खरीदारी करने या व्रत रखने पर कोई रोक नहीं है. महिलाएं अपनी जरूरत के हिसाब से पूजा की सामग्री और सुहाग का सामान खरीद सकती हैं.

शुभ मुहूर्त: करवा चौथ के दिन पूजा के लिए शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व माना जाता है. साल 2026 में पूजा का शुभ समय शाम 5 बजकर 38 मिनट से 6 बजकर 56 मिनट तक बताया जा रहा है. इस दौरान महिलाएं करवा माता की पूजा कर सकती हैं.

चांद कब निकलेगा? करवा चौथ के व्रत में चंद्रमा के दर्शन का विशेष महत्व होता है. पंचांग के अनुसार, 29 अक्तूबर 2026 को चंद्रोदय रात करीब 8 बजकर 17 मिनट पर होने की संभावना है. इसके बाद आप अपने व्रत का पारण कर सकती हैं.

करवा चौथ की खरीदारी कब करें? ज्योतिषविदों के अनुसार, इस साल 25 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजकर 22 मिनट पर पंचक समाप्त हो गया है. इसके बाद महिलाएं 26, 27 और 28 अक्टूबर को करवा चौथ की खरीदारी कर सकती हैं. सोमवार, 26 अक्टूबर से ही त्योहार की तैयारियां शुरू की जा सकती हैं. इसके अलावा 27 अक्टूबर, मंगलवार और 28 अक्टूबर, बुधवार को भी खरीदारी कर सकते हैं. इन दिनों महिलाएं करवा, पूजा की थाली, दीपक, छलनी, चूड़ियां, बिंदी, मेहंदी और साड़ी जैसी जरूरी चीजें खरीद सकती हैं.

क्या शुक्र अस्त होने पर सुहाग का सामान खरीदना अशुभ है? ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, शुक्र ग्रह को विवाह, प्रेम, सुंदरता और वैवाहिक जीवन का कारक माना जाता है. शुक्र अस्त होने पर शादी जैसे मांगलिक कामों के मुहूर्त को लेकर सावधानी बरती जाती है. लेकिन कुछ लोग सोशल मीडिया रील्स के जरिए करवा चौथ की खरीदारी को लेकर भी भ्रम फैला रहे हैं. इस वजह से कई महिलाओं के मन में सवाल है कि क्या शुक्र अस्त होने पर सुहाग का सामान खरीदना भी गलत है. लेकिन ज्योतिषियों की मानें तो शुक्र अस्त होने के कारण व्रत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. ऐसे में महिलाएं करवा चौथ के लिए नई साड़ी, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और पूजा का सामान खरीद सकती हैं.

शुक्र उदय कब होगा? द्रिक पंचांग के अनुसार, शुक्र 12 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 19 मिनट पर अस्त हुए थे. वहीं, 29 अक्टूबर को शाम 6 बजे शुक्र का उदय होगा. शुक्र के उदय होने के बाद शुभ कार्यों की शुरुआत हो सकेगी. हालांकि, शादी और विवाह जैसे मांगलिक कार्यों के लिए अभी इंतजार करना होगा. इनकी शुरुआत कार्तिक महीने में आने वाली देवउठनी एकादशी से होगी.

करवा चौथ के लिए पहले से जुटा लें ये सामान: करवा चौथ की पूजा में इस्तेमाल होने वाली चीजें पहले ही खरीदकर रख लेना अच्छा रहता है. इसके लिए करवा, छलनी, पूजा की थाली, दीपक, रोली, अक्षत, कलावा, फल और मिठाई जैसी जरूरी सामग्री जुटा लें. इसके साथ ही अपनी पसंद के अनुसार चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी, मेहंदी, साड़ी या सूट भी खरीद सकती हैं.

करवा चौथ पर इन बातों का रखें ध्यान

➤करवा चौथ पर सोलह श्रृंगार करने की परंपरा है. मान्यता है कि इस दिन सुहागिन महिलाओं का श्रृंगार करना सुख-सौभाग्य और वैवाहिक जीवन की खुशहाली का प्रतीक होता है.
➤करवा चौथ के दिन परिवार में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने का प्रयास करें. छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने से बचें और अपने करीबियों के साथ अच्छा समय बिताएं.
➤कई धार्मिक मान्यताओं में करवा चौथ पर काले रंग के वस्त्र पहनने से बचने की सलाह दी जाती है. इस दिन आप लाल, गुलाबी या अन्य शुभ माने जाने वाले रंगों के वस्त्र पहन सकती हैं.
➤करवा चौथ पर जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र या अन्य उपयोगी चीजों का दान करना शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि दान-पुण्य करने से जीवन में सकारात्मकता आती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *