बेहद खास मकर संक्रांति आज, 12 साल बाद बन रहा नवपंचम योग! इन 3 राशि वालों पर होगी धनवर्षा

Spread the love

मकर संक्रांति का पर्व अलग-अलग शहरों में अलग-अलग नाम से मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन किए गए दान का फल बाकी दिनों के मुकाबले कई गुना ज्यादा होता है. मकर संक्रांति के समय ही सूर्य अपने पुत्र शनि से मिलते हैं. शुक्र का उदय भी मकर संक्रांति पर ही होता है. इसी वजह से मकर संक्रांति से सभी शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं. वहीं मकर संक्रांति से ही ऋतु में परिवर्तन होने लगता है. शरद ऋतु क्षीण होने लगती है और बसंत का आगमन हो जाता है. आज मकर संक्रांति है. 

मकर संक्रांति पर 12 साल बाद सूर्य और गुरु का दुर्लभ नवपंचम योग भी बन रहा है. जिसे जातकों के लिए बहुत शुभ माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, इस योग की वजह से सभी राशियों को किसी न किसी रूप में फायदा होने जा रहा है. हालांकि 3 राशियां ऐसी हैं, जिन्हें सबसे ज्यादा लाभ होने की संभावना है. उन्हें न केवल कहीं से अचानक धन मिल सकता है बल्कि समाज में मान-सम्मान बढ़ने के भी योग हैं. आइए जानते हैं कि वे तीन भाग्यशाली राशियां कौन सी हैं. 

मकर राशि : ज्योतिष शास्त्रियों के अनुसार, मकर संक्रांति पर नवपंचम योग का बनना आपके लिए काफी फायदेमंद सिद्ध हो सकता है. इस योग के बनने से आपके साहस और पराक्रम में बढ़ोतरी होगी. जिससे आप आत्मविश्वास से भरे रहेंगे. सूर्य देव की कृपा से आपको नौकरी और कारोबार में उम्मीद से ज्यादा तरक्की मिलेगी. आर्थिक स्थिति मजबूत होने से आपका मन प्रसन्नता से भरा रहेगा. आप किसी मांगलिक या शुभ कार्य में शामिल हो सकते हैं. 

धनु राशि : नवपंचम योग बनने से आपकी धन वृद्धि होने के संयोग बन रहे हैं. आमदनी बढ़ने से आप घर में लग्जरी चीजों की खरीद कर सकेंगे. भाग्य का आपको पूरा साथ मिलेगा. बेरोजगार लोगों को जॉब मिल सकती है जबकि नौकरी बदलने की सोच रहे लोगों को बढ़िया पैकेज के साथ ऑफर मिल सकता है. सूर्य देव का आप पर आशीर्वाद बरसेगा, जिसके प्रभाव से कुंवारे लोगों को विवाह प्रस्ताव मिल सकता है. 

वृश्चिक राशि : ज्योतिष शास्त्रियों के मुताबिक, आप पर सूर्य और गुरू दोनों की कृपा बरसने वाली है. इससे आपके करियर को नए पंख लग सकते हैं. आपकी मेहनत को बॉस सराहेंगे और वे आपको नई जिम्मेदारी देने पर विचार कर सकते हैं. संभव है कि वे आपको निकट भविष्य में प्रमोशन भी दे दें. बिजनेस में आपको नए सौदे मिल सकते हैं. आप किसी नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर सकते हैं. 

मकर संक्रांति शुभ मुहूर्त 

उदयातिथि के अनुसार, मकर संक्रांति इस बार 14 जनवरी 2025 यानी आज ही मनाई जाएगी. आज सुबह सूर्य 8 बजकर 41 मिनट मकर राशि में प्रवेश करेंगे. हिंदू पंचांग के अनुसार, मकर संक्रांति पुण्य काल का समय आज सुबह 9 बजकर 03 मिनट से लेकर शाम 5 बजकर 46 मिनट तक रहेगा और महापुण्य काल का समय आज सुबह 9 बजकर 03 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 48 मिनट तक रहेगा.

दान करना शुभ 

मकर संक्राति के पर्व को कहीं-कहीं उत्तरायण भी कहा जाता है. इस दिन गंगा स्नान, व्रत, कथा, दान और भगवान सूर्यदेव की उपासना करने का विशेष महत्व है. इस दिन किया गया दान अक्षय फलदायी होता है. शनि देव के लिए प्रकाश का दान करना भी बहुत शुभ होता है. पंजाब, यूपी, बिहार और तमिलनाडु में ये नई फसल काटने का समय होता है. इसलिए किसान इस दिन को आभार दिवस के रूप में भी मनाते हैं. इस दिन तिल और गुड़ की बनी मिठाई बांटी जाती है. इसके अलावा मकर संक्रांति पर कहीं-कहीं पतंग उड़ाने की भी परंपरा है.

मकर संक्रांति का महत्व 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, मकर संक्रांति के दिन सूर्य देव अपने पुत्र शनि के घर जाते हैं. चूंकि शनि मकर व कुंभ राशि का स्वामी है. लिहाजा यह पर्व पिता-पुत्र के अनोखे मिलन से भी जुड़ा है. एक अन्य कथा के अनुसार असुरों पर भगवान विष्णु की विजय के तौर पर भी मकर संक्रांति मनाई जाती है. बताया जाता है कि मकर संक्रांति के दिन ही भगवान विष्णु ने पृथ्वी लोक पर असुरों का संहार कर उनके सिरों को काटकर मंदरा पर्वत पर गाड़ दिया था. तभी से भगवान विष्णु की इस जीत को मकर संक्रांति पर्व के तौर पर मनाया जाने लगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *