देशभर में होली के पर्व की तैयारियां चल रही हैं. होलिका दहन से 8 दिन पहले होलाष्टक शुरू हो जाता है. शास्त्रों में फाल्गुन शुक्ल अष्टमी से लेकर होलिका दहन तक की अवधि को होलाष्टक कहा गया है. इस साल होलाष्टक 7 मार्च से शुरू होने जा रहा है. होलाष्टक पर शुभ काम बंद हो जाते हैं. आइए जानते हैं कि आखिरी होलाष्टक का महत्व क्या है और इसमें शुभ कार्यों क्यों वर्जित होते हैं.
होलाष्टक के दौरान क्यों नहीं करते शुभ कार्य? होलाष्टक का समय विशेष रूप से शुभ कार्यों से बचने का होता है. सनातन धार्मिक शास्त्रों के अनुसार, इस समय सभी आठ ग्रह अशुभ माने जाते हैं. इन ग्रहों की स्थिति में कोई भी नया शुभ कार्य करने से समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं. इसलिए होलाष्टक के दौरान कोई भी नया काम शुरू नहीं किया जाता है.
होलाष्टक की पौराणिक मान्यता: सनातन परंपरा की मान्यता के अनुसार, होली के पहले आठ दिनों यानी अष्टमी से लेकर पूर्णिमा तक विष्णु भक्त प्रह्लाद को काफी यातनाएं दी गई थीं. प्रह्लाद को फाल्गुन शुक्ल पक्ष अष्टमी को ही हिरण्यकश्यप ने बंदी बनाया था. उसे जान से मारने के लिए तरह-तरह की यातनाएं दी गईं. यातनाओं से भरे उन आठ दिनों को ही अशुभ मानने की परंपरा बन गई. कहते हैं कि प्रह्लाद को मिली यातनाओं के बाद से ही होलाष्टक को मनाने की चलन बन गया.
प्रह्लाद को जलाने के लिए होलिका उसे अपनी गोद में लेकर अग्नि में बैठ गई. लेकिन देवकृपा से वह स्वयं जल मरी, प्रह्लाद को कुछ नहीं हुआ. तभी से भक्त पर आए इस संकट के कारण इन आठ दिनों को होलाष्टक के रूप में मनाया जाता है. होलाष्टक की अवधि में शुभ व मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं.
होलाष्टक में न करें ये काम
1. इस दौरान किसी भी तरह का कोई भी मांगलिक काम, जैसे शादी, भूमि पूजन, गृह प्रवेश, या कोई नया व्यवसाय शुरू करना वर्जित है.
2. होलाष्टक काल में नामकरण संस्कार, जनेऊ संस्कार, गृह प्रवेश, विवाह संस्कार, इत्यादि शुभ संस्कार भी नहीं करने चाहिए.
3. इस दौरान किसी भी तरह का यज्ञ, हवन इत्यादि भी न करें.
4. इस दौरान नवविवाहित लड़कियों को अपने मायके में ही रहने की सलाह दी जाती है.
5. होलाष्टक के दौरान सोना-चांदी, वाहन आदि खरीदने की मनाही होती है.
होलाष्टक के दौरान क्या करें?
-होलाष्टक में विष्णु सहस्रनाम, हनुमान चालीसा और महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है. इन मंत्रों का जाप करने से घर में शांति बनी रहती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
-इस दौरान जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करना बहुत पुण्यकारी माना जाता है. दान करने से आत्मिक शांति मिलती है और जीवन में समृद्धि आती है.
-होलाष्टक के समय पितरों की शांति के लिए तर्पण करना शुभ होता है. इससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है और पितरों का आशीर्वाद मिलता है.
-होलाष्टक के दौरान ग्रह शांति पूजा करवाना लाभकारी माना जाता है. इससे ग्रहों के दुष्प्रभाव कम होते हैं और जीवन में संतुलन आता है.
















Leave a Reply