कल 16 अगस्त को जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा. इसके लिए जमकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. भक्त भगवान कृष्ण का पालना सजाते हैं, उनके श्रृंगार के लिए विशेष ड्रेस और गहने लाते हैं. साथ ही जन्माष्टमी पर विशेष भोग लगाते हैं. जन्माष्टमी पर यदि लड्डू गोपाल को 56 भोग नहीं लगा पा रहे हैं तो 5 विशेष चीजें लगाकर भी भगवान कृष्ण को प्रसन्न किया जा सकता है.
सनातन धर्म में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है. यह दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिवस के रूप में माना जाता है. इस अवसर पर मंदिरों और घरों में विशेष सजावट, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन होता है. जन्माष्टमी की पूजा का सबसे खास हिस्सा छप्पन भोग है. यह न केवल प्रसाद है, बल्कि प्रेम और भक्ति का प्रतीक माना जाता है. आइए जानते हैं, छप्पन भोग की महत्ता और इसके पीछे की पौराणिक कथा.

क्या है छप्पन भोग? ‘छप्पन भोग’ का अर्थ है 56 प्रकार के सात्विक व्यंजन है. इसमें कई प्रकार के मिष्ठान, तरह-तरह की नमकीन, फल, अनाज और दूध से बनी खास चीजें शामिल होती हैं. मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण को ये छप्पन भोग बेहद प्रिय हैं.
लगा सकते हैं 5 प्रिय भोग: भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व के दिन 56 भोग लगाया जाता है लेकिन सभी के लिए 56 भोग लगाना संभव नहीं हो पाता है. ऐसे में जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण के 5 प्रिय भोग लगाकर भी उनकी कृपा पाई जा सकती है.
भगवान कृष्ण का सबसे पसंदीदा भोग है माखन मिश्री. बाल अवस्था में भगवान कृष्ण गोपियों के घर से माखन चुराकर खाया करते थे, जिससे उन्हें माखनचोर कहा जाता है. जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण को माखन-मिश्री का भोग जरूर लगाएं.
कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धनिया की पंजीरी के बिना अधूरा है. भगवान कृष्ण को पंजीरी जरूर चढ़ाएं. मान्यता है कि भगवान कृष्ण पंजीरी का भोग बड़े प्रेम से ग्रहण करते हैं.
दूघ, शहद, घी, दही और शक्कर से बने पंचामृत को सनातन धर्म में बेहद पवित्र माना गया है. इसलिए कई देवी-देवताओं का पंचामृत से अभिषेक किया जाता है, पंचामृत का भोग लगाया जाता है. जन्माष्टमी पर भगवान कृष्णजी को पंचामृत का भोग जरूर लगाएं.
जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण को मौसमी फलों का भोग लगाएं, जैसे- केला, सेब, अनार आदि. साथ ही दूध से बनी मिठाइयां जैसे- पेड़े, बर्फी, पाग, जलेबी, रबड़ी आदि भी भोग में अर्पित कर सकते हैं.
क्यों चढ़ाया जाता है छप्पन भोग? पौराणिक मान्यता के अनुसार, ब्रजवासी हर वर्ष देवराज इंद्र को प्रसन्न करने के लिए एक आयोजन करते थे. ताकि साल भर अच्छी बारिश हो. एक बार बाल्यावस्था में श्रीकृष्ण ने नंद बाबा से इसका कारण पूछा. नंद बाबा ने बताया कि यह पूजा इंद्रदेव के लिए की जाती है. तब श्रीकृष्ण ने प्रश्न किया “बारिश के लिए केवल इंद्र की ही पूजा क्यों होती है? हमें तो गोवर्धन पर्वत की पूजा भी करनी चाहिए, जो हमें अन्न, फल, सब्जियां और पशुओं के लिए चारा प्रदान करता है.”
श्रीकृष्ण से ऐसा सुनकर इंद्र देव क्रोधित हो गए और ब्रज में भीषण वर्षा शुरू कर दी, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई थी. ऐसे में लोगों की रक्षा के लिए श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी को उसके नीचे शरण दी. कहते हैं कि सात दिन तक पर्वत को उठाए रखने के कारण श्रीकृष्ण ने कुछ भी नहीं खाया था.
बारिश रुकने के बाद, ब्रजवासियों ने भगवान के आभार स्वरूप सात दिन के उपवास की भरपाई के लिए 56 प्रकार के व्यंजन बनाकर अर्पित किए. तभी से यह परंपरा बन गई कि जन्माष्टमी के कृष्ण को 56 भोग चढ़ाया जाता है.
छप्पन भोग में क्या-क्या होता है? छप्पन भोग में माखन, मिश्री, पेड़ा, लड्डू, रबड़ी, पूरी, कचौरी, हलवा, खिचड़ी, मौसमी फल, दही-पकवान, ठंडे पेय और अनेक प्रकार की मिठाइयां, नमकीन और फल शामिल होते हैं. ये सभी व्यंजन सात्विक और भगवान को प्रिय माने जाते हैं.
सूर्य और चंद्रमा का समय
सूर्योदय- 05:50 am
सूर्यास्त- 07:00 pm
चन्द्रोदय- 10:46 pm
चन्द्रास्त- 11:53 am
शुभ काल
ब्रह्म मुहूर्त- 04:24 am से 05:07 am
अभिजित मुहूर्त- 11:59 am से 12:52 pm
गोधूलि मुहूर्त- 07:00 pm से 07:22 pm
शुभ योग सर्वार्थ सिद्धि योग- 05:50 am से 07:36 am रवि योग- 05:50 am से 07:36 am
अशुभ काल
राहुकाल- 10:47 am से 12:25 pm
यमगण्ड- 03:43 pm से 05:22 pm
गुलिक- 07:29 am से 09:08 am
















Leave a Reply