देश के 17वें उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए आज संसद भवन में वोटिंग हो रही है. वोटिंग प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हो गई जो शाम पांच बजे तक चलेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले सुबह 10 बजे वोट डाला. वोटिंग शुरू होने से पहले सभी एनडीए सांसद सुबह 9.30 बजे ब्रेकफास्ट मीटिंग में हिस्सा लिया. मुकाबला एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और इंडिया ब्लॉक के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच है. लोकसभा के 542 और राज्यसभा के 239 सदस्य वोट डालेंगे. वोटों की गिनती शाम छह बजे से शुरू होगी.
एनडीए ने किसी भी चूक से बचने के लिए इस बार ‘मैन टू मैन मार्किंग’ की रणनीति बनाई है. इसके तहत सांसदों को अलग-अलग समूहों में बांट दिया गया है और किसी एक को प्रभारी बना दिया गया है. संख्याबल की बात करें तो एनडीए का ही पलड़ा भारी नजर आता है.
बहुमत के लिए 391 वोटों की जरूरत
इस चुनाव में बहुमत के लिए 391 वोटों की जरूरत है. इस बार दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं। राधाकृष्णन तमिलनाडु से जबकि रेड्डी तेलंगाना से हैं. संसद के हालिया मानसून सत्र के दौरान जगदीप धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उनका कार्यकाल दो साल बचा हुआ था. इनके इस्तीफे के कारण यह चुनाव हो रहा है.
मैंने लोगों की अंतर्रात्मा को जगाने की कोशिश की: सुदर्शन रेड्डी
उपराष्ट्रपति चुनाव में INDIA ब्लॉक के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि मैंने अपना संदेश दे दिया है. मुझे लोगों से प्यार और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. मुझे पूरा विश्वास है कि हम जीतने जा रहे हैं. मैं केवल लोगों की अंतर्रात्मा को जगाने की कोशिश कर रहा हूं. मैंने ये नहीं कहा कि क्रॉस वोटिंग होगी. मुझे नहीं पता कि क्रॉस वोटिंग क्या होती है.
BJP पहले इस्तेमाल करती है, फिर बर्बाद करती है: अखिलेश यादव
उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ये वोट तो अंतर्रात्मा पर पड़ते हैं . पूरा देश जानता है कि BJP इस्तेमाली पार्टी है. पहले इस्तेमाल करो फिर बर्बाद करो. हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति जो खोए हुए हैं, उनके साथ भी ऐसा ही हुआ है. जीत का नबर हम लोगों के पक्ष में ही आएगा.
चुनाव ही नहीं, शक्तिप्रदर्शन भी
इंडिया गठबंधन के सांसद भी वोटिंग करने पहुंचने लगे हैं. बता दें कि यह चुनाव केवल उपराष्ट्रपति चुनाव ही नहीं बल्कि शक्तिप्रदर्शन का मौका भी है. इसीलिए विपक्ष ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है. विपक्ष को अब भी उम्मीद है कि क्रॉस वोटिंग से उसके पास अतिरिक्त वोट आएंगे. वहीं एनडीए का दावा है कि उनके सामने इंडिया ब्लॉक टक्कर में ही नहीं है.













Leave a Reply