महोबा में मध्य प्रदेश के व्यापारी के साथ जहरखुरानी, जेब से 30 हजार रुपए निकालकर आरोपी फरार

Spread the love

मोहम्मद आसिफ,महोबा।
महोबा में लोहे का सामान खरीदने आए मध्य प्रदेश के व्यापारी के साथ जहरखुरानी की वारदात हुई है. अनजान व्यक्ति ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया और जेब में रखे 30 हजार रुपए निकालकर फरार हो गया. प्राइवेट बस स्टैंड में होश आने पर पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है.

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजगंज निवासी 32 वर्षीय पवन विश्वकर्मा, जो मेलों में लोहे का सामान बेचते हैं, महोबा में सामान खरीदने के लिए घर से 39 हजार रुपए लेकर निकले थे. वह प्राइवेट बस से महोबा आ रहे थे, तभी रास्ते में एक अनजान व्यक्ति ने उनसे बातचीत शुरू की और कुछ देर बाद चाय पिलाने की पेशकश की. व्यापारी को अंदाजा नहीं था कि चाय में नशीला पदार्थ मिला हुआ है. चाय पीते ही पवन विश्वकर्मा बेहोश हो गए, जिसके बाद आरोपी ने उनकी जेब में रखे 30 हजार रुपए निकाल लिए और मौके से गायब हो गया. व्यापारी को होश महोबा नवीन प्राइवेट बस स्टैंड पहुंचने पर आया, जहाँ उन्होंने अपने पैसे गायब पाए. अंदर की जेब में रखे 9 हजार रुपए सुरक्षित मिले, जबकि बाहरी जेब से 30 हजार रुपए चोरी हो चुके थे.

घटना से घबराए व्यापारी ने तत्काल अपने भाई नरेंद्र विश्वकर्मा को फोन से सूचना दी. उसी समय महोबा के व्यापारी नीरज द्विवेदी ने बस स्टैंड पर उन्हें अचेत अवस्था में देखा और तुरंत जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया.

डॉक्टरों के अनुसार, व्यापारी के शरीर में नशीले पदार्थ का असर अभी भी मौजूद है और उनका उपचार जारी है. वारदात से व्यापारी और उसके परिवार में अत्यधिक आक्रोश है. वे जल्द पुलिस से शिकायत दर्ज कराने की बात कह रहे हैं. वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि अभी तक इस घटना की औपचारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन शिकायत आते ही घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और पता लगाया जाएगा कि जहरखुरानी की यह वारदात बस में कैसे और किसके द्वारा की गई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *