रिजवान उददीन फतेहपुर।
फतेहपुर के ललौली में रबी सीजन के चरम पर खाद की आपूर्ति ठप पड़ने से क्षेत्र के किसान चिंता और गुस्से में हैं. ललौली सोसायटी समिति में यूरिया न मिलने से किसान बुवाई और गेहूं की ड्रेसिंग समय पर नहीं कर पा रहे हैं जिससे फसल प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है.
किसानों के अनुसार क्षेत्र में हर साल लगभग 4 हजार बोरी यूरिया की जरूरत होती है जबकि इस सीजन में अब तक केवल 1 हजार बोरी ही उपलब्ध कराई गई है. जरूरत और उपलब्धता में भारी अंतर होने से किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है. सोसायटी पर खाद के लिए लाइन में लगे किसानों के बीच कई बार झड़प की नौबत आ चुकी है. खाद न मिलने से परेशान एक किसान ने आत्महत्या (फांसी लगाने) तक की धमकी दे दी जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
2 हजार से ज्यादा किसान प्रभावित: करीब 2000 से अधिक किसान खाद संकट से परेशान हैं. उनका कहना है कि यदि जल्द खाद उपलब्ध न कराई गई तो गेहूं की उपज में भारी गिरावट आएगी जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा.
क्या बोले सोसायटी कर्मचारी: सोसायटी कर्मचारियों ने बताया कि इस बार खाद का वितरण सीधे नहीं किया जा रहा है. बल्कि ऊपर से लाट बनाकर भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है जिसके कारण आपूर्ति में देर हो रही है. कर्मचारियों का कहना है कि जब तक ऊपर से नियमित सप्लाई नहीं मिलेगी किसानों को राहत देना मुश्किल है.
















Leave a Reply