बेटा, मैं जा रही हूं…कहकर बिठूर के परियर पुल से गंगा में कूदी; बेटा चिल्लाता रहा- मां रुक जाओ पर…

Spread the love

‘बेटा मैं जा रही हूं। तुम अपना और परिवार वालों का ख्याल रखना.’ यह सुनते ही गुलशन फोन पर चिल्लाता है- हेलो, मां ऐसा मत करो. मेरी बात सुनो मां…सब ठीक हो जाएगा. हेलो-हेलो, मां। लेकिन, तब तक फोन की लाइन कट जाती है. गुलशन दोबारा उसी नंबर पर फोन करता है, तो एक लड़का फोन उठाता है.

गुलशन उससे पूछता है- कौन हो तुम, कहां हो? मेरी मां कहां है? लड़का कहता है- वो आंटी, जिन्होंने मेरे फोन से बात की थी, वो तो परियर (बिठूर) पुल से कूद गई हैं. आप आकर देख लो.

कल्याणपुर की साहब नगर आवास विकास-1 में रहने वाले गुलशन वर्मा के मुताबिक, उनकी मां अंजू वर्मा (50) ने मंगलवार को परियर पुल से गंगा में छलांग लगा दी. घटना की सूचना मिलने के बाद बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची.

गोताखोरों की मदद से मां की तलाश शुरू कराई गई. पानी गहरा होने के कारण उनका कुछ पता नहीं चला है. गोताखोरों की दो टीमें गंगा में अलग-अलग लोकेशन पर उनकी तलाश कर रही हैं. पुलिस के मुताबिक, महिला ने जिस स्थान पर पुल से छलांग लगाई, वहां गंगा का पानी काफी गहरा है. टीमें जाल डालकर महिला की तलाश कर रही हैं.

बेटा बोला- ऑपरेशन के बाद से मां परेशान थी

गुलशन ने बताया- कुछ समय पहले मां ने बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया था. उसके बाद से उनके पेट में समस्या हो गई थी. उनकी आंतें चिपक जाती थीं. इसके चलते उनकी लेप्रोस्कोपी करानी पड़ती थी.

इसी दर्द और खराब तबीयत की वजह से वह मानसिक रूप से बहुत परेशान हो गई थीं. सोमवार को वह घर पर थीं. मंगलवार को किसी काम पर जाने का बोलकर घर से निकली थी. वो कैसे कल्याणपुर से परियर पुल पहुंच गईं, समझ में नहीं आया. हमारे परिवार में उन्हें लेकर किसी बात की कोई समस्या नहीं थी.

छात्र के फोन से की बेटे को कॉल

अंजू दोपहर करीब 12.35 बजे परियर पुल पर पहुंची. वह टेम्पो से उतरी और वहां से गुजरने वाले बिठूर में रहने वाले कपिल से उसका मोबाइल एक फोन करने के लिए मांगा. कपिल कक्षा- 9 का छात्र है.

उसने बताया- मैं अपने दोस्तों के साथ परियर में महावीर मेले में गया था. वहीं से लौट रहा था। तभी आंटी ने फोन मांगा. कुछ सेकेंड में बात करके फोन मुझे वापस दे दिया. मैं अपने दोस्तों के साथ थोड़ा आगे बढ़ा, तभी गाड़ियों के रुकने की आवाज आने लगी. पलट कर देखा, तो आंटी गंगा में कूद गई थीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *