दोपहर साढ़े तीन बजे आया फोन और… भारत-PAK के बीच अचानक हुए युद्धविराम की इनसाइड स्टोरी

Spread the love

भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों से जारी तनाव में अब कमी आने के आसार हैं. दोनों देश युद्धविराम के लिए तैयार हो गए हैं। शनिवार दोपहर को पाकिस्तान की ओर से बातचीत की पहल की गई. पाक के डीजीएमओ ने भारत के डीजीएमओ से फोन पर बात की. इसमें दोनों देशों के बीच आज शाम पांच बजे से ही सीजफायर लागू करने पर सहमति बनी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सबसे पहले इस युद्धविराम की जानकारी देते हुए ट्रुथ सोशल पर पोस्ट शेयर किया और दावा किया कि भारत और पाकिस्तान में हुए इस सीजफायर में अमेरिका ने मध्यस्थता निभाई.

युद्धविराम के पीछे की इनसाइड स्टोरी पिछले महीने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही भारत और पाक में तनाव बढ़ गया था. इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया और पाकिस्तान के कई आतंकियों को ढेर कर दिया। पाक के हवाई हमलों को भी नाकाम कर दिया गया। इसके बाद, दोनों देशों के बीच युद्ध का खतरा पैदा हो गया. शनिवार दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) की ओर से भारत के डीजीएमओ को फोन किया गया. इसी फोन में दोनों के बीच युद्धविराम का फैसला हो गया.

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया, “पाक डीजीएमओ ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय डीजीएमओ के पास फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय समयानुसार 17.00 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को फिर से बात करेंगे.”

ट्रंप का दावा- अमेरिका ने की मध्यस्थता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका की मध्यस्थता से हुई बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान तत्काल और पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए. अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में घोषणा की, ”अमेरिका की मध्यस्थता में पूरी रात चली बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान तत्काल और पूर्ण संघर्ष विराम पर सहमत हो गए हैं.”

वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बताया कि पिछले दो दिनों में अमेरिकी उप-राष्ट्रपति वेंस और उन्होंने पीएम मोदी, शहबाज शरीफ, भारत और पाक के विदेश मंत्रियों आदि से बातचीत की, जिसके बाद दोनों देशों में युद्धविराम को लेकर सहमति बनी. अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, ”मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान की सरकारें तत्काल युद्ध विराम और तटस्थ स्थल पर व्यापक मुद्दों पर बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गई हैं. हम शांति का मार्ग चुनने में प्रधानमंत्री मोदी और शरीफ की बुद्धिमत्ता, विवेक की सराहना करते हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *