वाराणसी में लाखों श्रद्धालुओं के बीच घुसा सांड़, मचा हड़कंप; रविदास जयंती पर दिखी लापरवाही

Spread the love

वाराणसी में संत रविदास की जयंती के अवसर पर संत रविदास मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. इस दौरान वाराणसी नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई, जब एक सांड़ मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच घुस आया. अचानक भीड़ में सांड़ के आने से अफरा-तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. कुछ देर के लिए मंदिर परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए, जिससे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक श्रद्धालु दर्शन और पूजा में लगे थे, तभी अचानक सांड़ भीड़ में पहुंच गया. सांड को देखकर लोग इधर-उधर भागने लगे और कई लोग घबराकर अपने परिजनों को तलाशने लगे. स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया, लेकिन मौके पर मौजूद सेवादारों और आयोजन में लगे कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई. उन्होंने सूझबूझ और सावधानी के साथ सांड़ को घेरकर धीरे-धीरे मंदिर परिसर से बाहर निकाला.

गनीमत रही कि इस घटना में किसी श्रद्धालु को गंभीर चोट नहीं आई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ. हालांकि, इतनी बड़ी भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था में इस तरह की चूक पर सवाल खड़े हो गए हैं. लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आवारा पशुओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं. संत रविदास जयंती के मौके पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं. सुबह से ही मंदिर के बाहर करीब 3 किलोमीटर लंबी लाइन लगी हुई है. लोग घंटों इंतजार करके संत रविदास के दर्शन कर रहे हैं. करीब एक हजार से ज्यादा NRI 10 चार्टर्ड विमानों से आए. उन्होंने संत रविदास को डॉलर की माला पहनाई.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *